सकल दिगंबर जैन समाज का तीन दिवसीय महोत्सव 28 से, 30 को निकलेगी शोभायात्रा
सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से भगवान महावीर का जन्मोत्सव इस वर्ष अभूतपूर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। 30 मार्च को मुख्य जन्मोत्सव से पूर्व, 28 मार्च से तीन दिवसीय कार्यक्रमों का शंखनाद होगा। रविवार दोपहर विद्यासागर वाटिका में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की बैठक में महोत्सव की रूपरेखा तय की गई। समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि इस बार का आयोजन कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। समाज के उपाध्यक्ष प्रकाश गंगवाल ने बताया कि मुनि अरह सागर, सुहित सागर और गणिनी आर्यिका विज्ञा माताजी के सानिध्य में आयोजन होने जा रहा है। पहली बार 24 पांडुशिलाओं पर 24 तीर्थंकर भगवान विराजमान होंगे, जिन पर 1008 सहस्रनाम अभिषेक किया जाएगा। 24 हवन कुंडों में 24 पुण्यार्जक 1008 मंत्रों की आहुति देंगे। इस 1008 सहस्रनाम विधान और अभिषेक में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं हिस्सा लेंगे।
मंत्री नरेश गोधा के अनुसार 28 मार्च को सुबह 7.30 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ सेवा कार्यों की शुरुआत होगी। वीर सेवा संघ एवं जैन एकता मंच की ओर से संयुक्त रक्तदान शिविर। जैन एकता मंच सभी रक्तदाताओं को हेलमेट भेंट करेगा। वीर सेवा संघ द्वारा निशुल्क नेत्र जांच, दवा वितरण और आवश्यकता पड़ने पर निशुल्क ऑपरेशन की सुविधा। दिगंबर जैन आर्थिक विकास संगठन बीपी और शुगर की जांच करेगा।
महामंत्री लोकेश अजमेरा ने बताया कि 28 मार्च की शाम 7 बजे से विभिन्न महिला मंडलों की ओर से रोचक प्रतियोगिताएं होगी। इसमें सभी महिला मंडल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। जन्मोत्सव के मुख्य दिन, 30 मार्च की सुबह 24 पांडुशिलाओं पर विराजमान भगवान का अभिषेक होगा। इसके बाद स्वर्ण पांडुशिला पर भगवान महावीर का महामस्तकाभिषेक किया जाएगा। सुबह 8.15 बजे अग्रवाल उत्सव भवन से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए भूपालगंज मंदिर पर संपन्न होगी। शोभायात्रा में महिला संगठनों की ओर से तैयार आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। सेवा दल संस्था द्वारा गोलप्याऊ चौराहा और दो कीर्ति स्तंभों की विशेष सजावट की जाएगी।