16 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ड्राइ फ्रूट्स के दामों में लगी आग; मामरा बादाम 4 हजार पार

ईरान पोर्ट पर फंसा माल, सप्लाई चेन टूटने से भीलवाड़ा में मेवा और जड़ी-बूटियों का बिगड़ा बजट

2 min read
Google source verification
Dry Fruit Prices Skyrocket; Mamra Almonds Cross ₹4,000 Mark

ड्राइ फ्रूट्स के दामों में लगी आग; मामरा बादाम 4 हजार पार

अमरीका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर अब आम आदमी की सेहत और जेब पर पड़ने लगा है। खाड़ी देशों, ईरान और अफगानिस्तान से आने वाले ड्राइ फ्रूट्स और जड़ी-बूटियों की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसके चलते भीलवाड़ा के बाजारों में इनके दाम आसमान छूने लगे हैं। काजू में तंजानिया-अफ्रीका से कम आवक के कारण हल्का उछाल है, वहीं सीड्स और अन्य आयातित मसालों में तेजी की संभावना है।

हालात यह हैं कि प्रीमियम क्वालिटी का मामरा बादाम और पिस्ता के भाव में भारी उछाल आया है। व्यापारियों के अनुसार, ईरान के बंदरगाहों पर बड़ी मात्रा में माल फंस गया है। सामान्य परिस्थितियों में ईरान से भारत तक माल पहुंचने में ही करीब तीन महीने लग जाते हैं। अब पोर्ट पर जहाजों की आवाजाही रुकने से बाजार में स्टॉक कम होने लगा है। अगर हालात जल्द सामान्य नहीं हुए, तो आगामी त्योहारी सीजन और शादियों के सावे में आमजन को यह महंगाई और ज्यादा रुलाएगी।

पाकिस्तान बॉर्डर बंद, अफगानिस्तान का माल भी अटका

अफगानिस्तान से आने वाले मेवे पहले पाकिस्तान बॉर्डर के रास्ते भारत आते थे। लेकिन सीमा बंद होने के कारण अब वहां का माल (अंजीर, मुनक्का, किशमिश, शाहजीरा, अनारदाना और मुलेठी) भी ईरान के रास्ते ही आ रहा है। ईरान में संकट के चलते यह पूरा रूट ही बाधित हो गया है। इससे सप्लाई ठप है।

आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां भी हुईं महंगी

केवल ड्राइ फ्रूट्स ही नहीं, ईरान से आने वाली औषधीय जड़ी-बूटियों के दामों में भी तेजी दर्ज की गई है। आयुर्वेदिक औषधियों और पारंपरिक खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले ईरानी सालम पंजा, सालम मिश्री और सालम गट्टा के भाव उछल गए हैं।

ड्राइ फ्रूट्स की कीमतों में आया उछाल

  • सामग्री का नाम पहले के भाव मौजूदा भाव
  • मामरा बादाम 2200-3000/- 3600-4000 /- किलो
  • पिस्ता 1600-1800 /- 2600-3000 /- किलो
  • केसर -------------- 250 से 300 /- ग्राम
  • अखरोट -------------- 50 से 100 /- किलो की तेजी
  • खजूर (ईरान/सऊदी) -------- 100 से 200/- किलो की तेजी

ड्राइ फ्रूट और जड़ी-बूटी में तेजी

अभी लगभग हर आयातित ड्राइ फ्रूट और जड़ी-बूटी में तेजी है। ईरान से आने वाला काफी माल वहां के पोर्ट पर अटका हुआ है। अगर यह अंतरराष्ट्रीय तनाव लंबे समय तक जारी रहता है, तो बाजार में स्टॉक खत्म होने पर कीमतों पर इसका असर पड़ सकता है।

- महावीर समदानी, किराना व्यापारी