भीलवाड़ा. नववर्ष में मलमास समाप्ति के साथ ही रविवार से मांगलिक आयोजन शुरू हुए। पंडितों के अनुसार साल 2023 में विवाह के 60 से अधिक शुभ मुहूर्त हैं।
भीलवाड़ा. नववर्ष में मलमास समाप्ति के साथ ही रविवार से मांगलिक आयोजन शुरू हुए। पंडितों के अनुसार साल 2023 में विवाह के 60 से अधिक शुभ मुहूर्त हैं। रेकॉर्ड सावों के बीच बसंत पंचमी, रामनवमी, अक्षय तृतीया, फुलेरा दूज, विजयादशमी, देवउठनी एकादशी सहित अबूझ सावे भी होंगे। बीते एक माह से मलमास के चलते मांगलिक कार्य बंद थे। शनिवार रात सूर्य देव के मकर राशि में प्रवेश के साथ ही मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो गए।
रविवार से जिले के गली-मोहल्लों में ढोल बाजे व शहनाई की आवाज सुनने को मिली। मकर संक्रांति के बाद का मौसम शादी के लिए उपयुक्त होता है। इस समय अधिक तापमान नहीं होता है। इस मार्च में होलाष्टक और अप्रेल में खरमास पर मांगलिक कार्य नहीं होंगे। 29 जून से चातुर्मास शुरू हो जाएगा। अधिकमास होने से पांच महीने चातुर्मास रहेगा। इससे देवशयनी एकादशी 29 जून से 23 नवंबर तक सावे नहीं हो सकेंगे।
बाजार में बूम
सावों की धूम के चलते ज्वैलरी, वाहन, वस्त्र, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में वर्षा ऋतु के अलावा पूरे साल बहार छाई रहेगी। टेंट व्यवसायी, मैरिज पैलेस संचालक, बैण्डवादक, किराना, हलवाई, पुष्प विक्रेता, अश्व पालक, पंडित व वैवाहिक आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि इससे बाजार में बूम आएगा। टेंट व्यवसायी बताते हैं कि फरवरी तक की बुकिंग हो चुकी है। टेंट व्यवसायियों को कोरोनाकाल में हुए नुकसान की भरपाई इस बार रेकॉर्ड सावों से पूरी होने की उम्मीद है।
सजे मैरिज होम व होटल
शहर के अधिकांश मैरिज होम व होटलों में शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी है। मैरिज होम व होटलों में विशेष सजावट के साथ ही पार्टी को डिस्काउंट के लिए विशेष पैकेज दिए जा रहे हैं। अब सभी मैरिज होमों में शादी की गूंज सुनाई शुरू हो गई है।
---
ये है सावों की तारीख
जनवरी: 15, 16, 18, 19, 25, 26, 27, 30, 31
फरवरी: 6, 7, 8, 9 10, 12, 13, 14, 15, 17, 22 23, 28
मार्च : 1, 5, 6, 9, 11 और 13
मई: 4, 6, 8, 9, 10, 11, 15, 16, 20, 21, 22, 27, 29, 30
जून: 1, 3, 5, 6, 7, 11, 12, 23, 24, 26, 27
नवम्बर: 23, 24, 27, 28, 29
दिसम्बर: 5, 6, 7 8, 9, 11, 15