
भीलवाड़ा/जहाजपुर.
जहाजपुर से भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा के वायरल हुए एक ऑडियो से स्थानीय राजनीति में हड़कम्प मच गया है। इस ऑडियो में विधायक अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक शिवजीराम मीणा पर नाराजगी जताते हुए बरस रहे है। इस ऑडियो से दोनों नेताओं के बीच खींचतान जगजाहिर हो गई है। इसकी राजनीतिक गलियारे में खूब चर्चा हो रही है।
वायरल हुए ऑडियो में विधायक गोपीचंद मीणा और एक भामाशाह के बीच बातचीत हो रही है। इसमें विधायक गत 19 जनवरी को पीपलूंद के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भामाशाह रतन पुरी द्वारा कराए गए आयोजन के आमंत्रण पत्र मे मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक प्रधान शिवजीराम मीणा का नाम होने एवं उनका नाम नहीं होने पर नाराजगी जता रहे है। पुरी विधायक से आयोजन में शामिल होने की बात कह रहे है, लेकिन मीणा भामाशाह पर नाराज होते हुए प्रधान शिवजीराम मीणा को भला-बुरा कह रहे है। वे संगठन में अपनी ताकत को भी बता रहे है। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
बैठक में नजरें नहीं मिलाई
किसान कर्ज माफी में हो रही देरी को लेकर जहाजपुर में सोमवार को भाजपा की ओर से आयोजित प्रदर्शन में विधायक व प्रधान दोनों ही शामिल हुए। दोनों एक दूसरे से नजरे चुराते रहे । सम्बोधन में भी उन्होंने एक-दृसरे का जिक्र भी नहीं किया।
प्रधान हमारे गुरू
प्रधान मीणा और हम दोनों एक है । दोनों भाजपा के लिए काम कर रहे है। ऑडियो में जो वार्ता हुई, उसके पीछे हमारी भावना गलत नही है। कुछ लोगों ने कथित तरीके से दोनों मे तकरार की कोशिश की है। प्रधान हमारे गुरू है, उनके मार्गदर्शन में हम कार्य करते रहेगें ।
गोपीचन्द मीणा, विधायक
नो कमेंट्स
विधायक ने किससे क्या कहा, क्या ऑडियो वायरल हुआ। न सुना है न देखा है, मैं इस बात पर कोई कमेंट्स नही करना चाहता हूं।
शिवजीराम मीणा, प्रधान एवं भाजपा के पूर्व विधायक