पत्रिका मुद्दा : चाहिए एक और ओवरब्रिज सांसद बोले, डीएमएफटी में फंड से बनाया सकता है ओवरब्रिज, विधायक ने कहा, विधायक कोष से दो करोड़ की सहायता देंगे
भीलवाड़ा.
टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा में महत्ती जरूरत एक और ओवरब्रिज के लिए जनता जाग रही हैं। बुधवार को शहर के प्रबुद्ध लोगों ने आजाद नगर में एडवोकेट आजाद शर्मा की अगुवाई में बैठक कर ओवरब्रिज बनाने के लिए आवाज बुलंद की। साथ ही क्षेत्रीय सांसद सुभाष बहेडिय़ा व शहर के विधायक विट्ठलशंकर अवस्थी बोले कि यह वर्षों पुरानी जरूरत है, रेलवे फाटक पर अब एक और ओवरब्रिज जल्द बनना चाहिए। राजस्थान पत्रिका की मुहिम के तहत पूछे गए सवाल पर सांसद व विधायक ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए उनके सरकारी कोष से राशि दिलाने की बात भी कही। सांसद बोले, डीएमएफटी के कोष में बड़ी राशि है, जिला कलक्टर एवं समिति का प्रयास होगा तो यह ओवरब्रिज बनाया जा सकता है।
सांसद कोष से राशि देने को तैयार हूं-
भीलवाड़ा में एक ओर ओवरब्रिज जल्द बनना चाहिए। किसी भी मद से बने लेकिन शहरवासियों के लिए ओवरब्रिज जरूरी है। डीएमएफटी फंड से भी बनाया जा सकता है। जरूरत महसूस हुई तो सांसद कोष से भी राशि देने को तैयार हूं।
-सुभाष बहेडिय़ा, सांसद भीलवाड़ा
विधायक कोष से 2 करोड़ देंगे-
शहर में बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए एक ओर ओवरब्रिज होना चाहिए। यह मुद्दा सबसे पहले विधानसभा में भी सवाल उठाया था। ओवरब्रिज जनता की जरूरत है। विधायक कोष से 2 करोड़ रुपए की मदद दी जाएगी।
-विट्ठलशंकर अवस्थी, विधायक भीलवाड़ा
शहरवासी बोले, चाहिए सुगम कनेक्टिविटी-
कोठारी नदी पर चार ओवरब्रिज बनाए जा रहे हैं। जबकि वहां ज्यादा जरूरत नहीं है। शहर की आधी से ज्यादा आबादी पटरी पार रहती है। इसलिए पहले रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज बनाना चाहिए।
-आजाद शर्मा, अधिवक्ता
रेलवे फाटक पर कई बार घंटों तक जाम लगना आम बात हो गई है। यह समस्या बढ़ती जा रही है। इसका निदान केवल एक ओर ओवरब्रिज से ही हो सकता है।
-लक्ष्मी नारायण व्यास, व्यापारी
जनप्रतिनिधियों को जगाना होगा। सभी नेता मिलकर सतत प्रयासों से मुहिम को आगे बढ़ाएंगे तो जनता की बड़ी परेशानी से राहत जरूर मिलेगी।
-मनीष आसोपा
राजस्थान पत्रिका जनता के लिए मुद्दे उठा रही है। जनता को बड़ी राहत देने के लिए रेलवे फाटक के पास नया ओवरब्रिज बनना बेहद जरूरी है।
-सीताराम खटीक, खिलाड़ी
ओवरब्रिज के निर्माण के लिए अभियान को बड़ा रूप देना चाहिए। इसमें हर व्यक्ति व संस्था को जोड़ा जाएगा।
-दिनेश माहेश्वरी
नेता आगे आएं, संघर्ष समिति बनाएंगे-
रेलवे फाटक के पास 11 साल में भी ओवरब्रिज नहीं बनना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। नेताओं को अब जनता के दर्द के लिए जागना चाहिए। जनता को आगे आना होगा। ओवरब्रिज बनाओ संघर्ष समिति गठन कर मुहिम को क्रमिक आंदोलन के रूप में गति देंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।
-बाबूलाल जाजू, पर्यावरणविद्