भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में पकड़ा मुन्ना भाई

सुभाषनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को शहर में प्रयोगशाला सहायक संयुक्त भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी को पकड़ा।

2 min read
Jun 28, 2022
भीलवाड़ा में पकड़ा मुन्ना भाई

सुभाषनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को शहर में प्रयोगशाला सहायक संयुक्त भर्ती परीक्षा में डमी अभ्यर्थी को पकड़ा। सुभाषनगर के राजकीय विद्यालय में अभ्यर्थी की जगह जयपुर जिले का डमी परीक्षा देने पहुंचा, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

थानाप्रभारी नंदलाल रिणवा ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुभाषनगर में प्रयोगशाला सहायक संयुक्त भर्ती परीक्षा थी। पुलिस को सूचना मिली कि अभ्यर्थी की जगह डमी शामिल हो सकता है। इस पर पुलिस ने केन्द्राधीक्षक की मदद से प्रथम पारी समाप्ति तक परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों की आईडी के आधार पर जांच की। इस दौरान बाबूलाल मीणा नामक परीक्षार्थी की जगह रामपुरा थाना चौमूं (जयपुर) निवासी अरविंद कुमार जाट को परीक्षा देते पकड़ा। आरोपी का आधार कार्ड का परीक्षा प्रवेश पत्र से फोटो का मिलान नहीं हुआ। इस पर अरविंद को गिरफ्तार किया।

....
संतरी को गच्चा देकर थाने से भागा जालसाजी का आरोपी
कपड़ा व्यापारी से धोखाधड़ी के मामले में दिल्ली से पकड़ कर लाया गया एक व्यक्ति मंगलवार तड़के संतरी को गच्चा देकर प्रतापनगर थाने से फरार हो गया। संतरी मोटर चालू करने गया था। छज्जे के सहारे छत पर चढ़कर आरोपी दीवार कूदकर भाग गया। पता चलने पर थाने पर हड़कम्प मच गया। आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश भी दी गई, लेकिन पता नहीं लगा।

थानाप्रभारी राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि करीब आठ दिन पूर्व दिल्ली के हर्ष कुमार गर्ग के खिलाफ उधार कपड़ा खरीद कर भुगतान नहीं लौटाने पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। आरोपी की तलाश में टीम दिल्ली भेजी गई थी। वहां से टीम हर्ष को रात में थाने ले आई। उससे सुबह पूछताछ होनी थी। उसे थाने पर संतरी की देखरेख में बैठा दिया। इस बीच शौचालय में पानी नहीं होने से मौजूद संतरी मोटर चालू करने गया। इसका फायदा उठाकर हर्ष छज्जे के सहारे थाने की छत पर चढ़ गया। थाने के पीछे खाली परिसर में उतर कर दीवार कूदकर भाग गया। कुछ घंटे पहले ही उसे दिल्ली से लाया गया। कुछ देर बाद संतरी लौटा तो हर्ष को वहां नहीं पाया। उसकी थाना परिसर में तलाश की। हर्ष के फरार होने से डयूटी ऑफिसर और थानाप्रभारी को अवगत कराया। थाना परिसर में हड़कम्प मच गया। आरोपी का मंगलवार रात तक पता नहीं लग पाया था। पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में उसकी गिरफ्तारी नहीं दर्शाई थी। उससे पूछताछ की जानी थी।

Published on:
28 Jun 2022 10:39 pm
Also Read
View All