- पुर थाना पुलिस की कार्रवाई - गुड़गांव से गुजरात ले जाई जा रही थी - पुर बाइपास पर नाकाबंदी में पकड़ी, एक गिरफ्तार
पुर थाना पुलिस ने रविवार को पुर बाइपास पर नाकाबंदी के दौरान लोडिंग टेम्पो से साढ़े चार लाख रुपए की हरियाणा निर्मित शराब बरामद की। मौके से चालक को गिरफ्तार किया। शराब गुड़गांव से हरियाणा ले जानी थी। पुलिस की नजरों से बचने के लिए अब शराब के लिए ट्रक नहीं लोडिंग टेम्पो का तस्करी में उपयोग किया जा रहा है। पुलिस सरगना का पता कर रही है। इसके लिए एक टीम को जांच के लिए गुड़गांव भेजा जाएगा।
थानाप्रभारी शिवराज गुर्जर को मुखबिर से सूचना मिली कि लोडिंग टेम्पो में अवैध रूप से शराब तस्करी कर ले जाई जा रही है। इस पर पुर बाइपास पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान अजमेर की ओर से आ रहे टेम्पो को शंका के आधार पर रोका गया। तलाशी लेने पर टेम्पो में पॉलिथिन भरी मिली। पॉलिथिन का वजन कम होने के बाद भी टेम्पो दब रहा था। पुलिस ने पॉलिथिन खाली करवा कर टेम्पो की बारीकी से जांच की। जांच में टेम्पो में गुप्त चेम्बर मिला। उसमें तीन अलग-अलग ब्रांड की 39 कॉर्टन अंग्रेजी शराब भरी मिली। इसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए आंकी गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मांगीलाल पटेल बताया। उसे गिरफ्तार कर थाने लाया गया। चालक ने बताया कि गुड़गांव से शराब भरी गई थी और गुजरात ले जाना था। गुजरात पहुंचने पर मोबाइल से तस्कर से सम्पर्क होना था और उसे शराब से भरा टेम्पो सौपना था। पुलिस ने आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया। इस मामले की अग्रिम जांच हमीरगढ़ थानाप्रभारी पुष्पा कासौटिया को सौपी गई।