भीलवाड़ा

समग्र शिक्षा के एईएन को मूल विभाग भेजने के आदेश, नहीं की पालना

- राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा एवं आयुक्त स्कूल शिक्षा ने रिपोर्ट तलब की

less than 1 minute read
Jul 02, 2025
Orders to send AEN of Samagra Shiksha to parent department, not followed

समग्र शिक्षा विभाग भीलवाड़ा के सहायक अभियंता पर कई गंभीर आरोप को देखते हुए शिक्षा विभाग ने उन्हें मूल विभाग चित्तौड़गढ़ भेजने के आदेश दिए, लेकिन पालना नहीं की। शिकायत पर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा एवं आयुक्त स्कूल शिक्षा अनुपमा जोरवाल ने भीलवाड़ा की अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा से इसकी रिपोर्ट तलब की है।

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को गत दिनों सत्यनारायण शर्मा ने शिकायत दी थी। इसमें बताया कि समग्र शिक्षा भीलवाड़ा में पदस्थापित सहायक अभियंता राजकुमार मूंदडा गत 12 साल से यहीं पर हैं। उन्हें गंभीर आरोप और अनियमितताओं के चलते तत्कालीन कलक्टर आशीष मोदी ने चार्जशीट दी थी। इसमें डीएमएफटी योजना में स्वीकृत कार्यों में अनियमिता का मामला शामिल है। सुवाणा पंचायत समिति में सहायक अभियंता के पद पर रहते हुए मनरेगा में भी कई अनियमिताएं की। मूंदड़ा के पास चित्तौड़गढ़ का भी अतिरिक्त चार्ज है। उनके खिलाफ एक मामला एसीबी में भी विचाराधीन है। मूंदड़ा के खिलाफ शिकायतें पर शिक्षा विभाग के शासन सचिव ने पिछले माह उन्हें मूल विभाग जल संग्रहण चित्तौड़गढ़ में भेजने के आदेश दिए थे। इस पत्र को दफ्तर फाइल कर दिया। शिकायत पर राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा एवं आयुक्त स्कूल शिक्षा जयपुर ने तथ्यात्मक रिपोर्ट भीलवाड़ा समग्र शिक्षा से मांगी है। प्रतिनियुक्ति एक या अधिकतम 3 साल की होती है। साथ ही एक से दूसरे विभाग में प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना होता है, जो मूंदड़ा ने नहीं लिया है।उधर, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा भीलवाड़ा कल्पना शर्मा का कहना है कि शिक्षा विभाग ने जांच रिपोर्ट मांगी थी। वह मुख्यालय भिजवा दी है। विभाग को निर्णय करना है। उधर, राजकुमार मूंदड़ा का कहना है कि जो भी शिकायतें हैं उसका निर्णय सरकार को करना है। सरकार को जो भी आदेश देगी उसकी पालना की जाएगी।

Published on:
02 Jul 2025 08:23 am
Also Read
View All