
भीलवाड़ा।
शहर की विद्युत व्यवस्था संभाल रही निजी कम्पनी सिक्योर मीटर्स के खिलाफ शुक्रवार को आमजन के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतर आए। आमजन के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर स्थित कम्पनी दफ्तर के घेराव किया।
कांग्रेस का आरोप है कि सिक्योर के काम संभालने के बाद शहर में बिजली बिल बढ़ गए एवं विद्युत आपूर्ति भी गड़बड़ा गई। सिक्योर कंपनी लोगों से मनमाना बिल वसूल रही है। कंपनी की इस अवैध वसूली को रोका जाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कपंनी के कार्यालय में घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस व लोगों के बीच धक्का मुक्की हुई। बाद में कांग्रेस का धरना शुरू हुआ। जिसे कांग्रेस नेता ओम नाराणीवाल, महिला जिलाध्यक्ष मधु जाजू, पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल डांगी, पश्चिमी ब्लॉक अध्यक्ष मंजू पोखरना, पूर्वी ब्लॉक अध्यक्ष हेमेंद्र शर्मा सहित कांग्रेसजनों ने धरने को संबोधित किया।
सोमवार को कस्बा बंद कर चक्काजाम करने का निर्णय
सिक्योर कंपनी के खिलाफ एक बार फिर सांगानेर व आस-पास के हजारों लोग गुरुवार को रावला चौक में जमा हुये और सोमवार को कस्बा बंद कर चक्काजाम करने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, सांगानेर के बाशिंदे सिक्योर से जारी बिजली के बिलों में गड़बड़ी, दो महीने के बजाय एक महीने में देने, नये मीटर लगाने को लेकर विरोध कर रहे हैं। इसे लेकर पिछले दिनों कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय सांगानेर के बाशिंदों की मांगों पर नहीं लिये जाने को लेकर गुरुवार को एक बार फिर सांगानेर सहित आस-पास के हजारों लोग रावला चौक में जमा हुये। पार्षद नेमीचंद खटीक, नंदलाल भील, पूर्व पार्षद गोपाल कीर, ओमप्रकाश आगाल, राजू जांगिड़ आदि के नेतृत्व में मीटिंग का आयोजन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से सोमवार को सांगानेर बंद व चक्काजाम करने का निर्णय लिया। कस्बे के व्यापारियों व आमजन ने हाथ उठाकर बंद का समर्थन किया।