भीलवाड़ा

बच्चों के व्यवहार में बदलाव पहचानें शिक्षक, बाल विवाह मुक्त भारत का पोस्टर विमोचित

चित्तौडगढ़़. सुरक्षित बचपन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता पोक्सो कोर्ट के विशिष्ट…
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:14 PM IST
Chittorgarh child marriage free bharat

चित्तौडगढ़़. सुरक्षित बचपन अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता पोक्सो कोर्ट के विशिष्ट न्यायाधीश लता गौड़, शहनाज परवीन और प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक ने की। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के बाद पोक्सो एक्ट 2012 के सिद्धांतों और बच्चों के विधिक संरक्षण पर जानकारी दी गई। प्राधिकरण सचिव पारीक ने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक बच्चों के सबसे करीब होते हैं। वे बच्चों के व्यवहार में आने वाले सूक्ष्म बदलावों को पहचानकर समय पर मार्गदर्शन व सहायता दें। उन्होंने नि:शुल्क विधिक सहायता व प्राधिकरण की योजनाओं से भी अवगत कराया।

बाल कल्याण समिति की पूर्व अध्यक्ष सुशीला लढढा ने बाल अधिकार, बाल श्रम व बाल विवाह निषेध, गुड टच-बैड टच और समिति की कार्यप्रणाली पर विचार रखे। साइबर पुलिस थाना के उपनिरीक्षक यश्वनी जांगिड़ व रामनिवास ने साइबर अपराध, साइबर बुलिंग, इमेज शेयरिंग व ऑनलाइन फ्रॉड पर जानकारी दी और शिक्षकों की शंकाओं का समाधान किया।

बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक ओमप्रकाश तोषनीवाल ने जरूरतमंद बच्चों की पहचान में शिक्षकों की भूमिका बताई तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नालसा हेल्पलाइन 15100 और आपातकालीन 112 नंबर के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। अतिथियों ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के पोस्टर का विमोचन किया और शिक्षकों को बाल विवाह निषेध की शपथ दिलाई। संचालन पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत ने किया। धन्यवाद पीएलवी कुसुम मेनारिया ने सहयोग दिया।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:14 PM IST
Published on: