भीलवाड़ा

राजस्थान बोर्ड: 14 मई से होंगी सप्लीमेंट्री परीक्षाएं, कल से भरे जाएंगे ऑनलाइन फॉर्म

प्रायोगिक परीक्षाएं 7 मई से; मूल अंकतालिका का इंतजार न करें विद्यार्थी

2 min read
Apr 14, 2026
राजस्थान बोर्ड: 14 मई से होंगी सप्लीमेंट्री परीक्षाएं, कल से भरे जाएंगे ऑनलाइन फॉर्म

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने वर्ष 2026 की पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षाओं का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सैद्धांतिक परीक्षाएं 14 मई से और प्रायोगिक परीक्षाएं 7 मई से शुरू होंगी। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यालय और परीक्षार्थी मूल अंकतालिकाओं का इंतजार न करें और पूरक परीक्षा के लिए जल्द से जल्द शुल्क जमा कराएं। सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ ऑनलाइन चालान 15 से 22 अप्रेल तक प्रिंट किए जा सकेंगे, जबकि बैंक में राशि जमा कराने की अंतिम तिथि 24 अप्रेल निर्धारित की गई है। सभी विद्यालयों को पूरक परीक्षा शुल्क ऑनलाइन ही जमा कराना अनिवार्य होगा।

दिव्यांगों और शहीदों के बच्चों को राहत

बोर्ड ने विशेष योग्यजन (दिव्यांग), युद्ध में वीरगति को प्राप्त या अपाहिज सैनिकों के पुत्र या पुत्रियों और पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को परीक्षा शुल्क से पूरी तरह मुक्त रखा है। हालांकि, इन परीक्षार्थियों को 50 रुपए का टोकन शुल्क जमा कराना अनिवार्य होगा।

असाधारण विलंब शुल्क के साथ परीक्षा केंद्र पर भी मौका

बोर्ड ने उन छात्रों को भी राहत दी है जो तय समय पर फॉर्म नहीं भर पाएंगे। ऐसे परीक्षार्थी असाधारण विलंब शुल्क 1500 रुपए की पेनल्टी के साथ परीक्षा शुरू होने तक सीधे अपने पूरक परीक्षा केंद्र पर बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से शुल्क जमा करा सकेंगे। इसके तहत नियमित छात्रों को 2100 रुपए और स्वयंपाठी छात्रों को 2150 रुपए का ड्राफ्ट देना होगा। इसके बाद उन्हें परीक्षा में प्रवेश की अनुमति मिल जाएगी।

ऐसे होगा ऑनलाइन आवेदन

विद्यालयों को बोर्ड की वेबसाइट http://rajeduboard.rajasthan.gov.in पर स्कूल लॉगिन कर पूरक परीक्षा 2026 के लिंक पर जाना होगा। वहां योग्य परीक्षार्थियों के नाम के आगे सही (√) का चिह्न लगाकर आईसीआईसीआई बैंक के माध्यम से ऑनलाइन चालान मुद्रित करना होगा। जो छात्र परीक्षा नहीं देना चाहते या शुल्क जमा नहीं करते हैं, उनकी नामावली में स्वतः ही एनएपी मुद्रित हो जाएगा।

एक नज़र में फैक्ट फाइल

  • सामान्य शुल्क से चालान प्रिंट करने की तिथि: 15 से 22 अप्रेल (बैंक में जमा: 24 अप्रेल तक)
  • लेट फीस से चालान तिथि: 23 से 27 अप्रेल (बैंक में जमा: 29 अप्रेल तक)
  • प्रायोगिक पूरक परीक्षा तिथि: 07 मई
  • सैद्धान्तिक पूरक परीक्षा तिथि: 14 मई
  • नियमित परीक्षार्थी शुल्क: 600 रुपए
  • स्वयंपाठी (प्राइवेट) परीक्षार्थी शुल्क: 650 रुपए
  • प्रायोगिक परीक्षा शुल्क: 100 रुपए प्रति विषय
  • हार्ड कॉपी बोर्ड भेजने की अंतिम तिथि: 1 मई
Published on:
14 Apr 2026 08:55 am
Also Read
View All