आईएमए को दिया समर्थन
भीलवाड़ा .
जिला परिषद के सीईओ गोपाल राम बिरड़ा की ओर से सीएमएचओ डॉ. मुस्ताक खान को नोटिस थमाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की ओर से विरोध प्रकट कर नोटिस को वापस लेने की मांग के बाद रविवार को राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने भी इस मामले में विरोध प्रकट करते हुए आईएमए के नोटिस वापस लेने की मांग का समर्थन किया है। आरएनए जिलाध्यक्ष नारायणलाल माली ने बताया की इस मामले को लेकर आरएनए के जिला मुख्य संरक्षक फरीद मोहम्मद रंगरेज की अध्यक्षता में वर्चुअल मीटिंग हुई। इसमें 21 पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। सभी ने जिला परिषद सीईओ के इस कृत्य को गलत ठहराते हुए इसे सभी चिकित्सकों व नर्सिंग स्टाफ का मनोबल गिराने वाला बताया और सीएमएचओ को जारी नोटिस को तत्काल वापस लेने की मांग की है। बैठक में जिला संयोजक सांवरमल सोनी, मेडिकल कॉलेज अध्यक्ष योगेश श्रोत्रिय, कार्यकारी जिलाध्यक्ष राजेश लक्षकार, उपाध्यक्ष पंकज सोनी सहित 21 जनों ने ऑनलाइन भाग लिया।
...............
एक्युप्रेशर शिविर में 194 रोगी लाभान्वित
भीलवाड़ा . गणेश उत्सव प्रबन्ध एवं सेवा समिति की ओर से अपना घर वृद्धाश्रम केशव हॉस्पिटल रोड़ पर शुगर के 105, घुटना दर्द के 57 व एक्युप्रेशर के 32 रोगी लाभान्वित हुए। शिविर में छीतर मल अग्रवाल, डॉ. श्यामसुन्दर पारीक व डॉ. सत्यनारायण नुवाल ने रोगियों को परामर्श दिया। समिति अध्यक्ष उदयलाल समदानी ने बताया कि एक व दो सितम्बर को न्यूरोथैरेपी शिविर लगाया जाएगा। इसमें डॉ. विनय राणावत उदयपुर व उनकी टीम सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक अपना घर वृद्धाश्रम पर रोगियों को देखेगें। सभी रोगियों को नि:शुल्क परामर्श व थैरेपी की जाएगी।