रायला ओवरब्रिज के निकट गुरुवार को खड़े ट्रक में मोटरसाइकिल घुसने से एक की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया
रायला।
रायला ओवरब्रिज के निकट गुरुवार को खड़े ट्रक में मोटरसाइकिल घुसने से एक की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
थानाधिकारी महावीरसिंह ने बताया कि बेरा का ताराचंद रेगर (24) व जसवंतपुरा का प्रभुलाल गुर्जर (29) मोटरसाइकिल से रायला की ओर आ रहे थे। रायला ओवरब्रिज के निकट रीको एरिया क्षेत्र में सड़क पर ट्रक खड़ा था। खड़े ट्रक में बाइक घुस गई। इससे ताराचंद की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रभुलाल घायल हो गया। उसे भीलवाड़ा रैफर किया गया।
13 वर्षो बाद मिला भाइयों को न्याय
बागोर. राजस्व लोक अदालत 2018 का उपतहसील बागोर क्षेत्र की ग्राम पंचायत पीथास में राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर लगाया गया। शिविर प्रभारी सीएल शर्मा व तहसीलदार अजित सिंह राठौड़ एवं विकास अधिकारी गिरिराज मीणा व पीथास सरपंच टीना गर्ग सहित ब्लॉक स्तरीय अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
माण्डल उपखण्ड अधिकारी सीएल शर्मा ने बताया कि शिविर में न्यायालय माण्डल में भैरु धोबी बनाम खमाण धोबी निवासी नई अमरगढ़ के आए प्रकरण में आपस में वाद बाबत इश्तकरार हक एवं स्थाई निषेधाज्ञा विभाजन धारा 88-89 एवं 188 व 53-54 पिछले 13 वर्षों से लम्बित चल रहा था। जिसमें वादी एवं प्रतिवादी जोकि आपस में भाई -भाई है जो न्यायालय के चक्कर काट कर परेशान हो गए थे। वादी एवं प्रतिवादी ने न्याय आपके द्वार शिविर में अपनी समस्या रखी। जिसका निपटारा के बाद दोनो पक्षों को आपस मे गले मिलाया।