भीलवाड़ा

Good News : माता के भक्तों को मिलेगी राहत, नवरात्र में शक्तिपीठों तक 24 घंटे चलेंगी रोडवेज बसें

भीलवाड़ा व चित्तौड़गढ़ जिले के प्रसिद्ध माता के मंदिरों तक बसों का संचालन किया जाएगा, हर आधे घंटे में मिलेगी बस, रोडवेज को रेकार्ड आय होने की उम्मीद

2 min read

भीलवाड़ा.

राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के भीलवाड़ा डिपो को आगामी नवरात्र में अच्छी आय होने की उम्मीद है। श्राद्ध पक्ष में यात्री भार कम मिलने से रोडवेज के समक्ष बड़ी चुनौती रही। ऐसे में अब शारदीय नवरात्र में रोडवेज डिपो ने आय वृदि्ध के लिए रूपरेखा तैयार की है। नवरात्र में रोडवेज डिपो की ओर से जिले के माता के मंदिरों तक बसों का संचालन किया जाएगा। जिससे रोडवेज में यात्री भार बढ़ेगा और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।

रोडवेज ने भीलवाड़ा व चित्तौड़गढ़ जिले के प्रमुख व प्रसिद्ध माता के मंदिरों तक श्रद्धालुओं को ले जाने व लाने के लिए बसों के अस्थाई रूट तैयार किए हैं। जिसके तहत बेंगू के जोगणिया माता मंदिर, फूलिया के धनोप माता और चित्तौड़गढ़ में झातला माता व कालका माता मंदिर तक बसोें का संचालन किया जाएगा। हर आधे घंटे में इन मंदिरों के लिए बसें उपलब्ध रहेगी। इन बसों का संचालन 24 घंटे किया जाएगा। नवरात्र में इन मंदिरों में माता के दर्शन व पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालु जाएंगे। इससे रोडवेज को अच्छी आय होगी।

दशहरा और दीपावली से ज्यादा उम्मीद-

नवरात्र के बाद दशहरा और दीपावली तक रोडवेज को फुर्सुत नहीं मिलेगी। पीक सीजन कहलाने वाले एक माह में भीलवाड़ा की रोजाना की आय का ग्राफ चढ़कर 15 लाख तक पहुंच जाता है। श्रद्धा पक्ष की शुरुआत के साथ इस समय आय आठ से दस लाख चल रही है। ऐसे में रोडवेज के लिए पिछले दो माह से कर्मचारियों को वेतन देना भी मुश्किल हो रहा है। अब नवरात्र में अच्छी आय होेने पर रोडवेज डिपो को आर्थिक संकट से निजात मिलेगी।

इनका कहना है-

त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है। नवरात्र से रोडवेज को खास उम्मीद है। भीलवाड़ा व चित्तौड़गढ़ जिले के माता के प्रमुख शक्ति स्थलों के लिए रोडवेज बसों का खास संचालन किया जाएगा।

- परमवीरसिंह, मुख्य प्रबंधक, भीलवाड़ा आगार

फैक्ट फाइल

92 बसें

भीलवाड़ा आगार बेड़े में

15 लाख

पीक सीजन में कमाई

1 माह

रोडवेज के लिए अहम

Published on:
21 Sept 2022 01:29 am
Also Read
View All