भीलवाड़ा

सेंट्रल एकेडमी में बिना मान्यता चल रहीं थीं छठी से आठवी की कक्षाएं, कक्षाएं बंद करने के आदेश

सीबीईओ सुवाणा का एक्शन, धोखाधड़ी की जांच के लिए कमेटी गठित

2 min read
Apr 18, 2026
Central Academy was running classes from sixth to eighth without any recognition, orders were given to close the classes.
सेंट्रल एकेडमी में बिना मान्यता चल रहीं थीं छठी से आठवी की कक्षाएं, कक्षाएं बंद करने के आदेश

शिक्षा के नाम पर अभिभावकों को कैसे गुमराह किया जा रहा है, इसका चौंकाने वाला मामला सामने आया। शहर के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल एकेडमी स्कूल में कक्षा 6 से 8 तक का संचालन पूरी तरह से अवैध और नियम विरुद्ध पाया है। शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई ने स्कूल प्रबंधन की पोल खोली है, लेकिन इसके साथ अब सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि इन कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों का भविष्य क्या होगा। वे कितने दिन पढ़ाई से वंचित रहेंगे।

मान्यता 5वीं कक्षा तक, धड़ल्ले से चल रही थी 8वीं तक की कक्षाएं

सीबीईओ सुवाणा रामेश्वर जीनगर ने शुक्रवार को इस पूरे मामले में स्कूल प्रशासन को नोटिस जारी किया। नोटिस में इसे स्पष्ट रूप से अभिभावकों तथा विद्यार्थियों के साथ धोखा बताया और कहा है कि तुरंत कक्षा 6 से 8वीं तक के संचालन को बंद किया जाए। यदि औचक निरीक्षण के दौरान यह कक्षाएं संचालित पाई गईं, तो विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

तीन प्राचार्यों की सघन जांच कमेटी गठित

मामले की तह तक जाने के लिए शिक्षा विभाग ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गाठित की है। इसके तहत राउमावि नया समेलिया के प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार शर्मा को अध्यक्ष बनाया है। उनके साथ राउमावि किशनवातों की खेड़ी के प्रधानाचार्य राजेन्द्र विजयवर्गीय और महात्मा गांधी विद्यालय बरड़ौद के प्रधानाचार्य सतीश टेलर को शामिल किया है। कमेटी विद्यालय का सघन निरीक्षण करेगी और तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सीबीईओ को सौंपेगी। उधर, अभिभावकों का कहना है कि अब बच्चों का क्या होगा। वे कहां पर पढ़ाई के लिए जाएंगे तथा उनकी फीस व किताबों का क्या होगा। हालांकि शिक्षा अधिकारियों को कहना है कि कक्षा 1 से 5वी तक की अनुमति भी केवल एक साल के लिए ही मिली थीष उसके बाद किसी ने आगे के लिए आवेदन तक नहीं किया है। लेकिन स्कूल प्रबंधन का कहना है कि कक्षा 6 से 8वी तक के लिए आवेदन कर रखा है।

निदेशालय में किया है आवेदन

कक्षा 6 से 8वीं तक स्कूल को मान्यता मिले, इसके लिए हमने आवेदन किया था। भीलवाड़ा से नहीं मिलने पर अब बीकानेर निदेशालय में आवेदन किया है। हमें पूरी उम्मीद है कि जल्द ही मान्यता मिल जाएगी।

- संगम मिश्रा, चेयरमैन, सेंट्रल एकेडमी स्कूल

Published on:
18 Apr 2026 12:39 pm