15 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bhilwara News: सरपंच के बेटे-बहू और पत्नी को बांट दिए सरकारी पट्टे, तत्कालीन VDO पर गिरी गाज

Bhilwara News: भीलवाड़ा की कोठियां ग्राम पंचायत में नियम विरुद्ध सरकारी भूमि के 6 पट्टे जारी करने के मामले में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी कल्याणमल जाट पर कार्रवाई हुई है। जांच में सरपंच, उसके पुत्र, पुत्रवधु व पत्नी को अनुचित लाभ पहुंचाने और राजकोष को नुकसान पहुंचाने की पुष्टि हुई।

2 min read
Google source verification
Bhilwara Government Land Lease

नियमों की धज्जियां उड़ाकर सरपंच के कुनबे को बांटी सरकारी जमीन (फोटो-एआई)

Bhilwara Government Land Lease: भीलवाड़ा: शाहपुरा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कोठियां में नियमों को ताक पर रखकर चहेतों को सरकारी भूमि के पट्टे जारी करने का मामला गंभीर हो गया है। इस मामले में तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी कल्याणमल जाट को दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध राजस्थान असैनिक सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 16 के तहत आरोप पत्र जारी किया गया है।

जिला स्तरीय कमेटी की ओर से की गई जांच में यह खुलासा हुआ है कि तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी ने नियम-कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए सरपंच के रिश्तेदारों और वाल्मिकी समाज सेवा समिति के नाम कुल 6 पट्टे नियम विरुद्ध जारी किए। जांच रिपोर्ट के अनुसार, इन पट्टों को जारी करते समय न तो साइट प्लान लिया गया, न ही टाउन प्लानर का अनुमोदन प्राप्त किया गया और न ही पंचायती राज नियम 1996 के नियम 157 (1) के तहत खुली नीलामी की प्रक्रिया अपनाई गई।

ये गड़बड़ियां आई सामने

जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी की ओर से जारी आरोप पत्र के अनुसार, वाल्मिकी समाज सेवा समिति के अध्यक्ष एवं स्वयं सरपंच ओमप्रकाश घूसर हैं। उन्हें 3500 वर्ग फीट भूमि का पट्टा जारी कर राजकोष को हानि पहुंचाई गई। सरपंच के पुत्र, पुत्रवधु और पत्नी के नाम पर भी नियम विरुद्ध पट्टे जारी किए गए।

इनमें से कई भूखंड आवासीय श्रेणी में नहीं थे, जिनका उपयोग सुअर पालन या बकरी पालन के लिए किया जा रहा था। कई पट्टों और पट्टा बुक में पट्टा जारी करने की तारीख तक का अंकन नहीं पाया गया, जो गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

इनको जारी किए पट्टे

नामसंबंध
वाल्मीकी समाज सेवा समितिसरपंच अध्यक्ष
रविकुमार पुत्र ओमप्रकाश घूसरसरपंच का पुत्र
आरती पत्नी दीपक घूसरसरपंच की पुत्रवधू
सोनाली पत्नी नरेशसरपंच की पुत्रवधू
पूजा पत्नी रविसरपंच की पुत्रवधू
छन्नू देवी पत्नी ओमप्रकाशसरपंच की पत्नी

कर्तव्यों में लापरवाही

जांच रिपोर्ट में स्पष्ट कहा गया है कि तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी कल्याणमल जाट ने विशेष व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से राजकोष को नुकसान पहुंचाया है। यह कृत्य न केवल विभागीय निर्देशों की अवहेलना है, बल्कि अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही का मामला है। इसके लिए अधिकारी को जवाब देना होगा। नियम विरुद्ध पट्टे जारी करने की शिकायत गांव के पवन कुमार माली ने की थी।

बड़ी खबरें

View All

भीलवाड़ा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग