
Bhilwara Flyover : फोटो - AI
Bhilwara Elevated Road : भीलवाड़ा शहर के गायत्री आश्रम से लेकर रामधाम तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के निर्माण की सुगबुगाहट अब धरातल पर दिखने लगी है। अनुबंधित केंद्रीय एजेंसी 'इंजीनियरिंग प्रोजेक्ट्स इंडिया लिमिटेड' (ईपीआइएल) नई दिल्ली ने शहर में अपना मोर्चा संभाल लिया है। बजट घोषणा 2026-27 के तहत करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले एलिवेटेड रोड के लिए कंपनी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का काम शुरू करने जा रही है।
मार्च 2025 में तीन दिनों तक भीलवाड़ा शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहों पर सर्वे किया गया, तो आंकड़े बेहद चौकाने वाले सामने आए। गंगापुर चौराहा पर रोजाना लगभग 82,484 वाहन, वीर तेजाजी सर्किल पर 76,576 वाहन और अजमेर चौराहा पर करीब 66,060 वाहन रेंगते हुए दर्ज किए गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस पूरे रूट का आधा यानी 50 फीसदी से ज्यादा ट्रैफिक सीधे इसी मुख्य कॉरिडोर से होकर गुजरता है, जिसके चलते यहां 'ग्रेड सेपरेटेड एलिवेटेड कॉरिडोर' बनाना ही एकमात्र और सबसे सटीक दीर्घकालिक समाधान माना गया।
इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा सिर्फ आज की जरूरतों को देखकर नहीं, बल्कि आने वाले दशकों की आबादी और वाहनों की संख्या को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। ट्रैफिक प्रोजेक्शन के मुताबिक, साल 2029, 2030 और 2032 तक इन प्रमुख जंक्शनों पर वाहनों का दबाव एक लाख प्रति दिन को भी पार कर जाएगा।
हालांकि, इस भव्य कॉरिडोर को जमीन पर उत्तरने में थोड़ा धैर्य रखना होगा क्योंकि डीपीआर की तैयारी, सरकारी अनुमोदन, टेंडर प्रक्रिया और वास्तविक निर्माण कार्य को पूरा होने में लगभग साढ़े तीन साढ़े तीन साल का लंबा समय लगेगा। लेकिन एक बार जब यह बनकर तैयार हो जाएगा, तो वर्ष 2032 और उसके बाद की पीढ़ियों के लिए भी यह सफर बेहद सुहाना और बिना रुकावट वाला साबित होगा।
एलिवेटेड रोड की लंबाई : 2.490 किलोमीटर
एलिवेटेड रोड की लेन : 04
एलओए आदेश : 18.02. 2026
आधिकारिक अनुबंध : 15.04.2026
डीपीआर लागत : 5 करोड़ रुपए।
गायत्री आश्रम से रामधाम : 1673
गायत्री आश्रम से परशुराम सर्किल : 6455
रामधाम से गायत्री आश्रम : 17876
रामधाम से परशुराम सर्किल : 10745
परशुराम सर्किल से गायत्री आश्रम : 9945
परशुराम सर्किल से रामधाम : 4298 ।
कंपनी के महाप्रबंधक राकेश कुमार की अगुवाई में पहुंची टीम ने शुक्रवार को गायत्री आश्रम से लेकर रामधाम तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का जायजा लिया। यहां नगर विकास न्यास की अधिशासी अभियंता राजू बडारिया से तकनीकी जानकारी ली। इसके बाद टीम ने सांसद दामोदर अग्रवाल से मुलाकात की। यहां अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि शहर की जनता की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करें। राकेश कुमार ने पत्रिका को बताया कि डीपीआर बनाने के लिए सर्वे इसी माह में शुरू हो जाएगा। चार माह में पूरी डीपीआर बना ली जाएगी।
Updated on:
14 Jun 2026 09:27 am
Published on:
14 Jun 2026 09:26 am
