
पूर्व पार्षद फजले रउफ उर्फ लुत्फी (पत्रिका फोटो)
भीलवाड़ा: आपत्तिजनक सीडी बेचने के काले धंधे से अपराध की दुनिया में कदम रखने वाला भगोड़ा पूर्व पार्षद फजले रउफ उर्फ लुत्फी की दुबई से गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। सुभाषनगर पुलिस ने राजस्थान उच्च न्यायालय के जरिए लुत्फी की गिरफ्तारी को लेकर वारंट प्राप्त कर लिया है। इसकी तामील के लिए उसके घर, मोहल्ले समेत निगम और कोर्ट के बोर्ड पर नोटिस चस्पा किए हैं।
बता दें कि लुत्फी समेत गैंग के गुर्गों की एलओसी जारी होने के साथ प्रत्येक पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित हो चुका है। तीन अपराधी पकड़े जा चुके हैं। नौ की गिरफ्तारी होनी है। गैंग को चलाने में उसकी बीवी फहीम फातिमा की अहम भूमिका है। दो अन्य महिलाओं की भी सक्रियता सामने आई है।
मामले का खुलासा भीलवाड़ा के प्रवासी कारोबारी मुकेश टेलर को दुबई में लुत्फी गैंग के किडनैप के बाद हुआ। बंधक बनाकर कारोबारी से मारपीट और रिहाई के बदले परिजनों से 88 लाख रुपए की फिरौती की राशि वसूली गई। वारदात के सामने आने पर पुलिस अधीक्षक सागर राणा एक्शन मोड में आए। सुभाषनगर पुलिस ने 11 जुलाई को मामला दर्ज किया और स्पेशल टीम ने गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने की योजना बनाई।
दुबई में बैठा लुत्फी अकेले इस साम्राज्य को नहीं चला रहा। बल्कि इसमें उसके कई गुर्गे और उसकी बीवी फहीम फातिमा ढाल बनकर काम कर रही है। फातिमा भारत में रहकर गैंग के काले कारनामों को संभालती है। गैंग का दायरा इतना खतरनाक है कि इसमें अहमदाबाद के चर्चित राधिका जिमखाना हत्याकांड का सजायाफ्ता और पैरोल से फरार चल रहा जाहिद खान उर्फ बादशाह और प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जे. जोशी हत्याकांड में उम्रकैद काट रहा हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ चुन्नी लाला भी शामिल है। इसके अलावा अजमेर की नीतू महेश और भीलवाड़ा का मोहम्मद आदिल शेख भारत से महिलाओं और युवतियों को दुबई भेजकर प्रताड़ित करने का घिनौना क्राइम सिंडिकेट भी चला रहे हैं।
Updated on:
28 Jul 2026 09:35 am
Published on:
28 Jul 2026 09:35 am
