26 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आयकर दिवस पर स्वास्थ्य जांच और निबंध प्रतियोगिता आयोजित

Rajasthan

विद्यार्थियों ने आयकर विषय पर निबंध लिखकर दिखाई जागरूकता, स्वास्थ्य जांच शिविर में चिकित्सकों ने दी सेवाएं
प्रतापगढ़. आयकर दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जिसमें जिला चिकित्सालय से आए चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं और उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इसके बाद सेंट्रल हाइट स्कूल में आयकर विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने आयकर के महत्व और कर भुगतान के प्रति जागरूकता पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में आयकर अधिकारी ओ. पी. बुनकर, कर सलाहकार संघ से जगदीशलाल तिवारी, सचिव अनिल करनपुरिया, वैभव नगरीवाला तथा आयकर विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने विद्यार्थियों को कर प्रणाली की जानकारी देते हुए समय पर आयकर भुगतान के महत्व से अवगत कराया।
-=-=-= =
56 वर्षों बाद बुधादित्य और शश राजयोग में मनेगी गुरु पूर्णिमा
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा पर दुर्लभ राजयोग बनेंगे
30 जुलाई से शुभ संयोगों के साथ शुरू होगा सावन मास
प्रतापगढ़. सनातन धर्म में गुरु पूर्णिमा, जिसे व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है, श्रद्धा, समर्पण और गुरु-पूजन का प्रमुख पर्व है। इस वर्ष गुरु पूर्णिमा 29 जुलाई को मनाई जाएगी। यह पर्व महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि वेदव्यास चारों वेदों के प्रथम व्याख्याता थे, इसलिए उन्हें आदि गुरु मानकर इस दिन विशेष पूजा की जाती है। कई स्थानों पर भगवान विष्णु और भगवान शिव का भी गुरु स्वरूप में पूजन होता है।
ज्योतिषाचार्य डॉ. संजय गील ने बताया कि वैदिक पंचांग के अनुसार आषाढ़ पूर्णिमा 28 जुलाई को शाम 6.18 बजे से शुरू होकर 29 जुलाई को रात 8.05 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार गुरु पूर्णिमा का पर्व 29 जुलाई को मनाया जाएगा।
यह रहेंगे शुभ मुहूर्त
सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त प्रात: 5.57 बजे से 9.15 बजे तक रहेगा। शुभ काल 10.54 बजे से 12.33 बजे, विजय मुहूर्त 2.43 बजे से 3.37 बजे, लाभ काल 5.30 बजे से 7.09 बजे तथा संध्याकालीन मुहूर्त 7.14 बजे से 8:17 बजे तक रहेगा।

56 वर्षों बाद बनेंगे दुर्लभ राजयोग
डॉ. संजय गील के अनुसार इस वर्ष गुरु पूर्णिमा पर 56 वर्षों बाद बुधादित्य, शश और हंस राजयोग का संयोग बन रहा है। ज्योतिष शास्त्र में इन योगों को आध्यात्मिक उन्नति, ज्ञान, मान-सम्मान और सफलता का कारक माना गया है। मान्यता है कि बुधादित्य राजयोग में गुरु पूजन और उपासना करने से बुद्धि तथा करियर में उन्नति होती है। वहीं शश और हंस राजयोग स्थायित्व, आध्यात्मिक प्रगति तथा गुरु दीक्षा के लिए अत्यंत शुभ माने गए हैं।
गुरु पूर्णिमा पर करें ये कार्य
मान्यताओं के अनुसार इस दिन गुरु का पूजन कर उनका आशीर्वाद लेना विशेष फलदायी माना जाता है। श्रद्धालु गुरु पादुका पूजन करें, गुरु को दक्षिणा, वस्त्र और नैवेद्य अर्पित कर आरती करें तथा उनके सान्निध्य में आशीर्वाद प्राप्त करें। यदि गुरु सुलभ न हों तो उनके चित्र या पादुकाओं का पूजन किया जा सकता है। गुरु न होने की स्थिति में भगवान शिव और भगवान विष्णु का गुरु स्वरूप में पूजन करने का विधान बताया गया है।
30 जुलाई से शुरू होगा सावन मास
वैदिक पंचांग के अनुसार श्रावण मास की कृष्ण प्रतिपदा 29 जुलाई को रात 8.05 बजे से शुरू होकर 30 जुलाई को रात 9.30 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के आधार पर सावन मास 30 जुलाई से 28 अगस्त तक रहेगा। इस बार सावन की शुरुआत आयुष्मान और सौभाग्य योग के शुभ संयोग में होगी, जिन्हें सुख, शांति और समृद्धि का कारक माना जाता है।
इस वर्ष यह होंगे श्रावण सोमवार
इस बार श्रावण माह में चार ही सोमवार आएंगे। जिसमें प्रथम सोमवार 3 अगस्त, द्वितीय सोमवार 10 अगस्त, तृतीय सोमवार 17 अगस्त और चतुर्थ सोमवार 24 अगस्त को होगा।
-=-==
नवनिर्मित पुलिया बनी हादसे का कारण, ग्रामीणों में आक्रोश
काजली खेड़ा में दो माह पहले बनी पुलिया पर घटिया निर्माण के आरोप
स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता
बरडिय़ा. निकटवर्ती काजली खेड़ा पंचायत क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर दो माह पहले निर्मित पुलिया को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता की अनदेखी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पुलिया के निर्माण के दौरान सडक़ के दोनों ओर की पुरानी सुरक्षा दीवारें तोड़ दी गईं, लेकिन नई पुलिया बनने के बाद उनका दोबारा निर्माण नहीं कराया गया।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया के दोनों ओर पक्की दीवारें बनाने के बजाय कच्ची मिट्टी डालकर कार्य पूरा कर दिया गया। इससे मार्ग के किनारों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जो वाहनों के लिए जोखिम पैदा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बसों सहित अन्य वाहन गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि तेज बारिश होने पर पुलिया के किनारों पर डाली गई कच्ची मिट्टी बह सकती है। इससे पुलिया के क्षतिग्रस्त होने और मार्ग बाधित होने का खतरा है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग और ठेकेदार की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा दीवारों का पक्का निर्माण कराने, मार्ग पर बने गड्ढों को भरकर सडक़ को सुरक्षित बनाने तथा निर्माण कार्य में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
काजली खेड़ा के ग्रामीणों ने पुलिया के दोनों ओर टूटी सुरक्षा दीवारों का तत्काल पक्का निर्माण कराने, मार्ग पर बने गड्ढों को भरकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्य में अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
-=-==-=-

योग भवन की दीवार तोड़ पानी की मोटर और नल चोरी
दिनदहाड़े वारदात, दीवार तोडकऱ योग भवन में घुसे चोर, पुलिस में मामला दर्ज
प्रतापगढ़. गुप्तेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर परदेशी पार्क के पास स्थित योग भवन में शुक्रवार को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर भवन की पश्चिम दिशा स्थित सीमेंटेड जाली वाली दीवार तोडकऱ भीतर घुसे और पानी की मोटर तथा नल-टोटियां चोरी कर ले गए। योग समिति के अरुण वोरा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे तक योग भवन में नियमित योग कक्षा संचालित हुई थी और उस समय तक सब कुछ सामान्य था। शाम करीब छह बजे जब नारी शक्ति समूह और योग भवन के पदाधिकारी पहुंचे तो दीवार टूटी हुई मिली। भवन का निरीक्षण करने पर शुरुआत में सभी सामान सुरक्षित दिखाई दिया, लेकिन बाथरूम और पानी की टंकी की जांच में पानी की मोटर और कई नल-टोटियां गायब मिलीं।
योग भवन के पदाधिकारियों ने तत्काल पुलिस थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार करीब 10 हजार रुपए मूल्य की पानी की मोटर तथा लगभग तीन हजार रुपए की नल-टोटियां चोरी हुई हैं। प्राथमिक जानकारी में सामने आया कि चोरों ने मोटर के स्टार्टर को भी निशाना बनाया। उन्होंने स्टार्टर के तार काट दिए, लेकिन उसे खोलने में सफल नहीं हो सके और उसे वहीं छोडकऱ फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

-=-= =-=
पंचायत भवन और स्कूल में पेयजल सुविधा शुरू
धमोतर. सिद्धपुरा में पंचायत भवन और गोपालपुरा विद्यालय में ट्यूबवेल व पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। जिससे काफी राहत मिलेगी। ग्राम पंचायत सरपंच मुकेश मीणा ने बताया कि पंचायत भवन आने वाले ग्रामीणों और विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। पंचायत भवन परिसर में आने वाले ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्यूबवेल और पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। वहीं गोपालपुरा विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए भी पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ट्यूबवेल और टंकी बनाई गई है।
-==-==-=-

कांठल में 35 प्रतिशत बारिश, फिर भी जलाशय प्यासे
रोजाना हो रही रिमझिम और मध्यम बारिश से फसलों को राहत
तेज बरसात नहीं होने से बांधों और जलाशयों में पानी की आवक नहीं
प्रतापगढ़. जिले में मानसून का दूसरा दौर जारी है और पिछले कई दिनों से रिमझिम तथा मध्यम बारिश का सिलसिला बना हुआ है। लगातार वर्षा के बावजूद अब तक ऐसी तेज बारिश नहीं हुई है, जिससे बांधों और जलाशयों में पर्याप्त पानी की आवक हो सके। यही कारण है कि जिले के अधिकांश जलाशय अभी भी लगभग खाली पड़े हैं और कई जलाशयों का जलस्तर शून्य के आसपास बना हुआ है। ऐसे में सिंचाई और पेयजल की दृष्टि से अब भी अच्छी बारिश का इंतजार बना हुआ है।
मौसम के मौजूदा दौर में बारिश ने किसानों को फसलों के लिए राहत जरूर दी है। खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए नमी बनी हुई है, लेकिन जलाशयों में पानी नहीं पहुंचने से आगामी दिनों की चिंता भी बढ़ रही है। यदि जल्द ही तेज बारिश नहीं हुई तो जल भंडारण पर इसका असर पड़ सकता है। गौरतलब है के जिले में औसत वार्षिक वर्षा 983 एमएम मानी जाती है। शनिवार सुबह आठ बजे तक जिले में 387 एमएम औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो कुल औसत का लगभग 35 प्रतिशत है। बारिश का आंकड़ा संतोषजनक दिखाई दे रहा है, लेकिन इसकी तीव्रता कम रहने से अधिकांश पानी बहाव के रूप में जलाशयों तक नहीं पहुंच पाया।
बारिश का वितरण भी असमान
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा का वितरण भी अलग-अलग रहा है। सबसे अधिक बारिश अरनोद क्षेत्र में दर्ज की गई है, जबकि धरियावद में सबसे कम वर्षा हुई है। अन्य क्षेत्रों में भी औसत से कम या मध्यम बारिश होने के कारण जलाशयों में अपेक्षित पानी नहीं पहुंच पाया।
तेज बारिश का इंतजार
विशेषज्ञों का मानना है कि जलाशयों को भरने के लिए लगातार रिमझिम बारिश पर्याप्त नहीं होती। इसके लिए कम समय में तेज और व्यापक वर्षा आवश्यक है। आगामी दिनों में यदि मानसून सक्रिय होकर अच्छी बारिश करता है तो बांधों और जलाशयों में पानी की आवक बढ़ सकती है, जिससे सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को राहत मिलेगी।

जिले में अब तक वर्षा की स्थिति
क्षेत्र वर्षा (एमएम)
प्रतापगढ़ 287
अरनोद 501
छोटीसादड़ी 332
धरियावद 251
पीपलखूंट 282
सुहागपुरा 316
दलोट 301

आंकड़े शनिवार सुबह आठ बजे तक इस वर्ष की कुल वर्षा (एमएम) के हैं।
= =-=-=

राजस्व मंत्री हेमंत का दौर आज अरनोद क्षेत्र में
अरनोद. राजस्व मंत्री हेमंत मीणा रविवार को अरनोद क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। भाजपा नगर अध्यक्ष ईश्वरलाल चौधरी ने बताया कि सुबह 10.30 बजे पंचातय समिति सभागार में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात का कार्यक्रम में भाग लेंगे। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
=============

युवा जागरण कार्यक्रम में संस्कार और राष्ट्रभक्ति का संदेश
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में गायत्री परिवार ने किया आयोजन
विद्यार्थियों को नशा मुक्ति और चरित्र निर्माण के लिए किया प्रेरित
धमोतर. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धमोतर में गायत्री परिवार के तत्वावधान में युवा जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संस्कार, राष्ट्रभक्ति और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार की मुख्य ट्रस्टी हेमलता तथा उदयपुर जोन के प्रभारी जगदीश पालीवाल मुख्य वक्ता रहे। जगदीश पालीवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है। उन्होंने गायत्री साधना, स्वाध्याय, संस्कार निर्माण और नशा मुक्ति के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र के नियमित जप और सद्ग्रंथों के अध्ययन से चरित्र निर्माण होता है तथा युवा समाज और राष्ट्र की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
विद्यालय के प्रिंसिपल ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और संस्कारों का महत्व बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही सशक्त समाज के निर्माण का आधार है। इसमें विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और गायत्री परिवार के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




प्रतापगढ़ के स्कूलों को मिलेंगे 402 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी
कल से दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में वर्षों से चली आ रही सहायक कर्मचारियों की कमी होगी दूर
प्रतापगढ़. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड से चयनित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया अब जिले में शुरू होने जा रही है। जिले को 402 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आवंटित किए गए हैं। इन कर्मचारियों के पदस्थापन के लिए सोमवार से दस्तावेज सत्यापन और काउंसलिंग आयोजित होगी। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
लंबे समय से जिले के सरकारी विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की कमी बनी हुई थी। इसके कारण विद्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों का रख रखाव, कार्यालयीन कार्य और अन्य दैनिक व्यवस्थाओं में परेशानी हो रही थी। नए कर्मचारियों की नियुक्ति से इन व्यवस्थाओं में सुधार होगा और विद्यालयों का संचालन अधिक सुचारु हो सकेगा।
गौरतलब है कि जिले में वर्तमान में 299 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनमें 395 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा आठ कर्मचारियों को शिक्षा विभाग के विभिन्न कार्यालयों में लगाया जाएगा। विभागीय स्तर पर यह तय किया जा रहा है कि किस विद्यालय और कार्यालय में कितने कर्मचारियों की पदस्थापना की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इन नियुक्तियों से विद्यालयों में वर्षों से चली आ रही कर्मचारी कमी काफी हद तक दूर होगी। इससे शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से राहत मिलेगी और वे विद्यार्थियों के शिक्षण कार्य पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
विद्यालयों में समय पर बजेगी घंटी
कई विद्यालयों में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नहीं होने के कारण घंटी बजाने से लेकर कार्यालयीन कार्य, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य दैनिक व्यवस्थाएं शिक्षकों या अन्य कर्मचारियों के भरोसे संचालित हो रही थीं। नए कर्मचारियों की नियुक्ति के बाद इन व्यवस्थाओं में सुधार आएगा और विद्यालयों का नियमित संचालन अधिक व्यवस्थित हो सकेगा।
सभी विद्यालयों में लगाएंगे कर्मचारी
जिले को 402 कर्मचारी मिले हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड से चयनित चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदस्थापन के लिए सोमवार से दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। पदस्थापन के बाद विद्यालयों में कर्मचारियों की कमी काफी हद तक दूर होगी। प्रक्रिया के लिए जांच व अन्य कार्यों के लिए दलों के गठन सहित आवश्यक तैयारियां कर ली गई है।
- केके तेतरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), प्रतापगढ़

यह रहेगा दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग का कार्यक्रम
विभाग की ओर से कर्मचारियों की काउंसलिंग के लिए प्रक्रिया सोमवार से होगी। यह प्रक्रिया कार्यालय, पीएमश्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किला रोड में की जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक दस्तावेज सत्यापन समस्त दिव्यांग अभ्यर्थी एवं सामान्य मेरिट क्रमांक 30950 से 211641 तक होगा।
जबकि मंगलवार को सामान्य मेरिट क्रमांक 211891 से 1959396 तक होगी। काउंसलिंग के लिए पंजीयन 29 को प्रात: 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक सभी पात्र अभ्यर्थी का होगा। वहीं दोपहर 1.30 बजे से समस्त पंजीकृत अभ्यर्थी का रहेगा। पदस्थापन आदेश इसी दिन काउंसलिंग समाप्ति के पश्चात किया जाएगा।

यह आवश्यक निर्देश किए है जारी
जिला शिक्षा अधिकारी तेतरवाल ने बताया कि चयन सूची में सम्मिलित अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर दस्तावेज सत्यापन एवं काउंसलिंग स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें। राज्य सरकार द्वारा निर्धारित विशेष श्रेणियों के अंतर्गत वरीयता प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र पंजीयन के समय ही प्रस्तुत करें। पंजीयन समय के पश्चात प्राप्त किसी भी प्रमाण-पत्र अथवा प्रार्थना-पत्र पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक अभ्यर्थी दस्तावेज सत्यापन के समय समस्त दस्तावेजों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियाँ एक फाइल में, दो रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो तथा समस्त मूल दस्तावेज अलग से साथ लेकर उपस्थित हों। अभ्यर्थियो को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। निर्धारित समय के पश्चात उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों की काउंसलिंग केवल शेष उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर की जाएगी।
-=-== =
सीएलजी बैठक में साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील
हथुनिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
सोशल मीडिया पर भडक़ाऊ पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी
प्रतापगढ़. हथुनिया थाना परिसर में शुक्रवार को सीएलजी सदस्यों और शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता थानाधिकारी उदयवीरसिंह ने की। बैठक में एडिशनल एसपी बलवीरसिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराध से बचाव और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थानाधिकारी उदयवीर सिंह ने बताया कि करीब तीन माह पहले प्रत्येक गांव के सक्रिय लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। इसके बाद क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने सभी से पुलिस का सहयोग करते हुए क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
एएसपी बलवीरसिंह ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि अपराधी ऑनलाइन गेम, सोशल मीडिया, फर्जी कॉल और अन्य माध्यमों से बच्चों और युवाओं को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें। थानाधिकारी ने सोशल मीडिया पर भडक़ाऊ या आपत्तिजनक पोस्ट नहीं करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। बैठक में भंवरलाल शर्मा, मांगूसिंह, विशाल सेन, जसपाल आजना, विजय सुथार, अनिल मीणा, मांगीलाल सेन, पिंकेश मालवीय, नागेश सुथार, पुष्कर धोबी, नंदकिशोर माहेश्वरी, गजेंद्रसिंह, भेरूलाल माली, जुझारसिंह सहित अन्य सीएलजी सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।
-=-==-

घाटे में सडक़ हादसे में घायल युवक ने दम तोड़ा
बाइक और टेंपो की टक्कर के बाद उदयपुर ले जाते समय हुई मौत
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सुहागपुरा. सुहागपुरा थाना क्षेत्र के कुणी घाटे में बाइक और टेंपो की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सुहागपुरा थाने के सहायक पुलिस उप निरीक्षक पूनमचंद ने बताया कि 23 जुलाई को शाम करीब चार बजे पठार निवासी मुकेश(19) पुत्र नाकूड़ा मीणा मोटर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुनी घाटे में उसकी बाइक की एक टेंपो से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद टेंपो चालक घायल मुकेश को तत्काल उपचार के लिए अरनोद अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रतापगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया, लेकिन उदयपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता नाकूड़ा मीणा ने सुहागपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद टेंपो चालक ने अपना वाहन सहयोगी के माध्यम से थाने में खड़ा करवा दिया था। मामले में प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
-==-=-
ऑपरेशन त्रिनेत्र में 12 ग्राम एमडी जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
अरनोद थाना पुलिस की कार्रवाई,
अरनोद. जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अरनोद थाना पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 12 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) जब्त की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में थाना प्रभारी शिवलाल मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार शनिवार को भावगढ़ फंटा, वनपुरा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान देवल्दी की ओर से एक मोटर साइकिल आती दिखाई दी। चालक ने पुलिस नाकाबंदी देखकर मोटर साइकिल मोडकऱ भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मेहमूद खां पुत्र सरफराज खां पठान निवासी भावगढ़, थाना भावगढ़, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ और परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अरनोद थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
==-

विद्यार्थियों का वीर बाला कालीबाई प्रतिभा सम्मान समारोह में सम्मान
कॉलेज ऑडिटोरियम में अभाविप के स्थापना दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों और खेल-कला प्रतिभाओं का सम्मान
प्रतापगढ़. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला इकाई की ओर से कॉलेज ऑडिटोरियम में वीर बाला कालीबाई प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अभाविप के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में जिले के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ खेलकूद, कला और संस्कृति के क्षेत्र में जिला व राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाली प्रतिभाओं को वीर बाला कालीबाई सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में 845 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय बांसवाड़ा के कुलगुरु प्रो. डॉ. केशव सिंह ठाकुर तथा अभाविप चित्तौड़ प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री वीरेंद्रसिंह शक्तावत ने मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
जिला प्रमुख महेंद्र शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन जिले की ग्रामीण और जनजातीय प्रतिभाओं को आगे बढऩे का अवसर प्रदान करते हैं। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने परिषद की प्रमुख मांगों पर सरकार के प्रयासों की जानकारी देते हुए महाविद्यालयों के नामकरण और छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान का भरोसा दिलाया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलगुरु प्रो. डॉ. केशवसिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराना है। उन्होंने कहा कि गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय जनजातीय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर नए अवसर उपलब्ध करा रहा है।
मुख्य वक्ता वीरेंद्र सिंह शक्तावत ने वीर बाला कालीबाई के बलिदान और जनजातीय महापुरुषों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कालीबाई का बलिदान गुरुभक्ति, स्वाभिमान और शिक्षा के अधिकार की रक्षा का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, गोविंद गुरु, पाल-चितरिया के जनजातीय शहीदों और राणा पूंजा भील के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में सीताराम केसरी, रामकृष्ण मेहता, विशाल डांगी सहित अतिथियों ने प्रतिभाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में भानु प्रतापसिंह चारण, नितेश भंडारी, कुलदीपसिंह, रवि मीणा, राजेश गायरी, धर्मेंद्र सुखवाल, प्रतिम, पीयूष राठौड़, हर्ष, वैभव, अभिमन्यु, अनुराग, अश्विन, दीपक मीणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे। मंच संचालन दीपशिखा कुमावत और कुनाल चौधरी ने किया। अंत में जिला संयोजक प्रशांत खत्री ने सभी अतिथियों, विद्यालय एवं कॉलेज प्रशासन, अभिभावकों, भामाशाहों, मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

सावन मास में गौरी सोमनाथ मंदिर में होगा रुद्राभिषेक
प्रतापगढ़. श्री गौरी सोमनाथ महादेव मंदिर में सावन मास में पूरे सावन माह में रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष ओम प्रकाश ओझा ने बताया कि 30 जुलाई से प्रतिदिन सुबह नौ बजे से 11 बजे तक आचार्य आशीष जोशी के सान्निध्य में विद्वान पंडितों की मौजूदगी में रुद्राभिषेक संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि पूरे सावन माह में अलग-अलग भक्त परिवारों की ओर से रुद्राभिषेक कराया जाएगा।

बड़ी खबरें

View All

भीलवाड़ा

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग