भीलवाड़ा

नजर नहीं आती सर्विस लेन: कहीं खाने की टेबल तो कहीं वाहनों का कब्जा

यातायात थाने से महज 200 मीटर दूर सड़क पर अतिक्रमणलगता है बड़े हादसे के बाद ही चेतेगा प्रशासन
2 min read
• •
Updated: 10 Jan 2024, 9:32 AM IST
नजर नहीं आती सर्विस लेन: कहीं खाने की टेबल तो कहीं वाहनों का कब्जा
नजर नहीं आती सर्विस लेन: कहीं खाने की टेबल तो कहीं वाहनों का कब्जा

यातायात पुलिस थाने से मात्र 200 मीटर दूर सड़क जबरदस्त अतिक्रमण का शिकार है। यहां अतिक्रमण के चलते सर्विस लेन नजर ही नहीं आती। साथ में आधी सड़क तक होटल संचालकों ने खाने की टेबल-कुर्सियां लगा रखी है। कोहरे में वैसे ही दृश्यता घट जाती है, ऐसे में यह अतिक्रमण बड़े हादसे की वजह बन सकता है। दिलचस्प बात यह है कि नगर विकास न्यास ने इसे मार्ग को प्रगति पथ घोषित कर रखा है।

नगर परिषद एवं यातायात पुलिस की अनदेखी के चलते चित्तौड़ रोड पर होटल संचालकों व चौपहिया चालकों ने सर्विस रोड व सड़क पर कब्जा कर रखा है। कहीं कहीं सड़क की चौड़ाई आधी रह गई। इससे आवागमन बाधित रहता है। अतिक्रमण के चलते प्रगति पथ से आने-जाने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों को खासी परेशानी हो रही है।


करोड़ों रुपए खर्च कर बनाई थी सर्विस रोड

न्यास ने करोड़ों रुपए खर्च कर प्रगति पथ बनाया। सड़क चौड़ी करने को खातेदारों को अलग से मुआवजा दिया। सर्विस रोड पर चौपहिया वाहन खड़े रहते हैं। पेट्रोल पम्प के सामने व प्राइवेट बस स्टैंड चौराहे पर होटल की टेबल-कुर्सियां दिन भर सड़क पर लगी रहती है। शाम होते होते ये टेबल-कुर्सियां आधी सड़क घेर लेती है। इससे चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। डिवाइडर पर रोडलाइट लगाई गई थी, लेकिन यातायात निर्बाध नहीं हो सका। सड़क किनारे व डिवाइडर कट के सामने थडि़यां-दुकानों के आगे अतिक्रमण बढ़ रहा है। इस मार्ग पर दुकानों का सामान भी सड़क पर ज्यादा नजर आता है।


शिकायत नहीं मिली
अतिक्रमण हटाने का काम नगर परिषद व नगर विकास न्यास का है। यातायात शाखा के सामने होटल संचालक के अतिक्रमण की कोई शिकायत नहीं मिली है।

राजपालसिंह, यातायात शाखा प्रभारी भीलवाड़ा


होगी कार्रवाई
शहर में अतिक्रमण हटा रहे हैं। प्राइवेट बस स्टैंड चौराहे के पास होटल संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।

हेमाराम चौधरी, आयुक्त नगर परिषद भीलवाड़ा

Updated on:
10 Jan 2024, 9:32 AM IST
Published on:
Also Read
View All