भीलवाड़ा

100 यूनिट फ्री बिजली से पहले फ्यूल सरचार्ज का झटका

अप्रेल के बिल में जुड़कर आया सरचार्ज, उपभोक्ताओं की उड़ाई नींदजिले के लगभग 5.50 लाख उपभोक्ता होंगे प्रभावित
2 min read
• •
Updated: 11 May 2023, 11:37 AM IST
100 यूनिट फ्री बिजली से पहले फ्यूल सरचार्ज का झटका
100 यूनिट फ्री बिजली से पहले फ्यूल सरचार्ज का झटका

भीलवाडा. इस वर्ष जून के बाद 100 यूनिट बिजली फ्री की आस लिए बैठे उपभोक्ताओं को अप्रेल माह के बिलों ने झटका दिया। अप्रेल के बिजली के बिलों में फ्यलू सरचार्ज जुड़कर आया। 200 से 300 बिजली यूनिट खपत वाले उपभोक्ताओं का फ्यूल सरचार्ज 600 से एक हजार रुपए तक लगा है। इसका असर जिले के लगभग 5.50 लाख उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।


अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने दो माह में तीन आदेश जारी किए। 24 मार्च के पहले आदेश में अक्टूबर 2021 से दिसम्बर 2021 के तिमाही में उपभोग यूनिट पर 12 पैसा प्रति यूनिट फ्यूल सरचार्ज वसूलने की बात कही। इसी दिन अन्य आदेश में जनवरी 2022 से मार्च 2022 के तिमाही में 19 पैसा प्रति यूनिट फ्यूल सरचार्ज वसूली के आदेश दिए थे। विभाग ने इसकी पालना में 31 मार्च को ही अपने कंप्यूटर सिस्टम में कुल 31 पैसा प्रति यूनिट के आधार पर तीन माह की राशि डेबिट कर दी। इस आधार पर जिले के उपभोक्ताओं से 31 पैसा प्रति यूनिट फ्यूल सरचार्ज वसूला गया।
विभाग ने 28 अप्रेल को एक ओर आदेश जारी कर अप्रेल 2022 से जून 2022 तक तिमाही में उपभोग यूनिट पर 45 पैसा प्रति यूनिट फ्यूल सरचार्ज वसूलने के आदेश दिए। यह राशि वसूलने के लिए विभाग ने मई में अपने कंप्यूटर सिस्टम में डेबिट कर दिए। अब यह राशि हर उपभोक्ता से जारी बिल में जोड़कर ली जा रही है।
इस तरह होगी वसूली
उदाहरण के तौर पर अप्रेल 2022 से जून 2022 तक 200 यूनिट प्रतिमाह आए। तीन माह की कुल 600 यूनिट होगी। इन पर 45 पैसा प्रति यूनिट के फ्यूल सरचार्ज के आधार पर 270 रुपए अधिक राशि वसूल की जाएगी। यह राशि एक बार वसूल होगी। यह राशि अनुदान प्राप्त उपभोक्ता से नहीं होगी।
साढ़े चार साल तक वसूलेंगे
विभाग का कहना है कि 45 पैसा फ्यूल सरचार्ज तीन माह का एक बार ही वसूला जाएगा, लेकिन 5 पैसा प्रति यूनिट फ्यूल सरचार्ज अगले साढ़े चार साल तक वसूला जाएगा।
-------
केस 01
भीलवाड़ा की आरके कॉलोनी निवासी सोहनलाल ने बताया कि महंगाई राहत शिविर कैंप में गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली का बिल 871 रुपए आया है। उनकी विद्युत यूनिट 131 थी। विद्युत विभाग ने अप्रेल के बिल में फ्यूल सरचार्ज 126 रुपए जोड़ दिया।
केस 02

भीलवाड़ा के नागौरी गार्डन स्थित एक उपभोक्ता ने बताया कि उनका बिल 14,089 रुपए आया है। बिल में फ्यूल सरचार्ज 1467 रुपए लगा दिया। इससे बजट गड़बड़ा गया है। बिल में दूसरे सरचार्ज भी लगे हुए हैं। फ्यूल सरचार्ज काफी है। इसे कम किया जाए।
इनका कहना है
डिस्कॉम प्रबंधन से फ्यूल सरचार्ज वसूलने का आदेश मिला है। इस आधार पर बिजली बिल भेजे जा रहे हैं।
शीशराम, अधीक्षण अभियंता, डिस्कॉम

Published on:
Also Read
View All