भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में अटके 25 करोड़ के काम

यूआईटी, नगर परिषद व पीडब्ल्यूडी करेगी कार्याें की समीक्षा
less than 1 minute read
Dec 24, 2023
भीलवाड़ा में अटके 25 करोड़ के काम
भीलवाड़ा में अटके 25 करोड़ के काम

राज्य सरकार ने सभी विभागों में नए टैंडर पर रोक से भीलवाड़ा में लगभग 25 करोड़ के काम प्रभावित होंगे। हालांकि इनमें कोई बड़ा प्रोजेक्ट नहीं है। मुख्य रूप से इनमें सड़कें, भवन निर्माण के कार्य शामिल हैं।


नगर विकास न्यास के अधीक्षण अभियन्ता योगेश माथुर का कहना है कि सरकार के नए आदेश से लगभग 8 से 10 करोड़ के काम प्रभावित होंगे। इनमें ओवरब्रिज की डीपाआर, कोठारी नदी पर रिवर फ्रंट के साथ नई सड़कें, भवन आदि शामिल है। आदेश के बाद कार्यों की समीक्षा मंगलवार को होगी। उसके बाद ही स्थिति साफ होगी कि कितने करोड़ के काम अटकेंगे।

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियन्ता पीआर मीणा ने बताया कि सरकार से सभी नए कार्यों को रोकने के आदेश मिल गए। जिले के सभी सर्कल से कामों की रिपोर्ट मांगी है। तीन दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को स्थिति साफ होगी। जिले में मुख्य रूप से सड़कों के काम प्रभावित होंगे। 10 से 12 करोड़ से अधिक की राशि के काम होने हैं।नगर परिषद आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि स्थानीय निकाय ने पालना के आदेश दिए। इस आदेश के बाद अति आवश्यक कार्य हो सकेंगे। इसमें फायर विभाग व रोशनी शाखा से जुड़े काम हो सकेंगे। शहर के अधिकांश वार्ड में कार्यों के लिए जारी 5 से 7 करोड़ के टैंडर पर फिलहाल रोक रहेगी।

उल्लेखनीय है कि सरकार ने शुक्रवार को आदेश दिए कि कोई भी विभाग अपने स्तर पर नए टैंडर जारी नहीं करें और जिनकी निविदा जारी हो चुकी है लेकिन कार्यादेश नहीं दिया गया, ऐसे काम भी शुरू नहीं होंगे। जिन मामलों में कार्यादेश जारी करने के बाद काम शुरू नहीं हुआ है, उनमें भी यह आदेश प्रभावी होगा। जिनकी प्रशासनिक स्वीकृति हो चुकी है, उनकी भी मुख्यमंत्री या मंत्री स्तर पर समीक्षा होगी।

Published on:
24 Dec 2023 09:16 am