भीलवाड़ा

एसआई परीक्षा में सख्ती; शर्ट के बटन टूटे, आस्तीन कटी, 68.56% रही उपस्थिति

भीलवाड़ा के 25 केंद्रों पर शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई दो दिवसीय परीक्षा

2 min read
Apr 07, 2026
एसआई परीक्षा में सख्ती; शर्ट के बटन टूटे, आस्तीन कटी, 68.56% रही उपस्थिति

राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित उप-निरीक्षक व प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 सोमवार को भीलवाड़ा में शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में हुए बहुचर्चित पेपर लीक और नकल प्रकरण से सबक लेते हुए इस बार प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के इतने कड़े और अभूतपूर्व इंतजाम थे कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पाने के लिए कई कड़े नियमों से गुजरना पड़ा। दो दिन तक चली इस परीक्षा में जिले की कुल औसत उपस्थिति 68.56 प्रतिशत दर्ज की गई।

कलावा कटा, बटन टूटे तब मिला प्रवेश

नकल रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की गई। शहर के राजेन्द्र मार्ग स्कूल सहित विभिन्न 25 केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से जांच के अलावा अभ्यर्थियों के हाथों में बंधे कलावा (धागे) कैंची से काट दिए गए। जिन कैंडिडेट्स की शर्ट पर मेटल के बटन लगे थे, उन्हें काटकर ही एंट्री दी गई। पूरी आस्तीन की शर्ट पहनकर आए अभ्यर्थियों को या तो शर्ट उतारनी पड़ी या कैंची से आस्तीन कटवाने के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। महिला अभ्यर्थियों के कानों के कुंडल, गहने और बालों में लगे रबर बैंड तक खुलवा लिए गए। केंद्र के मुख्य द्वार के बाहर ही सभी के जूते-चप्पल उतरवा दिए गए थे। देरी से पहुंचने वाले कई अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिला और उन्हें मायूस लौटना पड़ा। वहीं, कुछ केंद्रों के बाहर जहां महिला अभ्यर्थी परीक्षा दे रही थीं। वहां चिलचिलाती धूप में उनके परिजन छोटे बच्चों को संभाल रहे थे।

11 अभ्यर्थियों ने बीच में छोड़ी परीक्षा

सोमवार को परीक्षा के अंतिम दिन दोनों पारियों के लिए 15,326 अभ्यर्थी पंजीकृत थे प्रत्येक पारी में 7,663। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक हुई पहली पारी में सामान्य हिंदी में 5,239 अभ्यर्थी शामिल हुए। लेकिन, दोपहर 3 से 5 बजे तक हुई दूसरी पारी सामान्य ज्ञान व विज्ञान में यह संख्या घटकर 5,228 रह गई। यानी 11 अभ्यर्थी ऐसे रहे जिन्होंने पहली पारी का पेपर तो दिया, लेकिन दूसरी पारी में परीक्षा देने नहीं पहुंचे। सोमवार को दोनों पारियों को मिलाकर कुल 4,859 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे।

भीलवाड़ा जिले के कुल आंकड़े

  • कुल आवंटित चारों पारियां- 30,654
  • कुल उपस्थित अभ्यर्थी- 21,016
  • कुल अनुपस्थित अभ्यर्थी- 9,638
  • जिले की कुल उपस्थिति प्रतिशत- 68.56%
Published on:
07 Apr 2026 08:50 am
Also Read
View All

अगली खबर