भीलवाड़ा

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, आज से फिर शहर की होगी सफाई

नगर परिषद सभापति सुबह दिखाएंगे ऑटो टीपर को हरी झंडी

less than 1 minute read
Apr 29, 2023
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, आज से फिर शहर की होगी सफाई
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, आज से फिर शहर की होगी सफाई

भीलवाड़ा. गत तीन दिन से चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार शाम को समाप्त हो गई है। सचिवालय में एलएसजी सचिव जोगाराम व अन्य अधिकारियों से हुई वार्ता के बाद संयुक्त वाल्मीकि एवं श्रमिक संघ ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा की। शनिवार सुबह से कर्मचारी काम पर लौटेंगे। तीन दिन से करीब 1300 कर्मचारी हड़ताल पर चल रहे थे। कर्मचारियों की सभी मांगों पर सहमति बनी है। इस वार्ता में अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के भीलवाड़ा जिलाध्यक्ष रामदेव चन्नाल, पार्षद शिव प्रकाश घांवरी, नगर महामंत्री शंकर घोरण, रितेश मल्होत्रा शामिल थे।


जिलाध्यक्ष रामदेव चन्नाल ने बताया कि सरकार ने साफ कर दिया है कि 30 हजार सफाई कर्मचारी भर्ती में वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दी जाएगी। खास तौर पर संविदा व अन्य तरीके से काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को भर्ती में प्राथमिकता मिलेगी। हड़ताल पर चल रहे किसी भी कर्मचारी के खिलाफ सरकार काेई कार्रवाई नहीं करेगी। अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह नगर परिषद सभापति के साथ ऑटो टीपर को हरी झंडी दिखाकर घर-घर कचरा संग्रहण के लिए रवाना किया जाएगा।

आपको बता दें कि सफाई कर्मचारी गत तीन दिनों से हड़ताल पर चल रहे थे। इस वजह से शहर की सड़कों पर कचरा पड़ा हुआ है।

Updated on:
28 Apr 2023 09:40 pm
Published on:
29 Apr 2023 12:01 am