
मांडल।
मांडल थाना क्षेत्र के हीराजी की खेड़ी गांव से रविवार सुबह अजमेर रोड पर नाथानी कृषि फार्म की तरफ मवेशी चराने गए एक किशोर का वैन में आए चार नकाबपोश अपहरण कर ले गए। अजमेर में मौका देखकर किशोर व वैन में अपह्र्त दूसरा किशोर भाग छूटे। किशोर तो रेलवे कॉलोनी स्थित चामुंडा माता मंदिर पर आकर बैठ गया। एक रेलवे कर्मचारी की नजर पड़ी तो उसे परिजनों व पुलिस को सूचना दी। सूचना पर मांडल थाना प्रभारी व परिजन मौके पर पहुंचे तथा देर रात बच्चे को अजमेर से लेकर मांडल पहुंचे। बच्चे को सहीसलामत देखकर सबकी जान में जान आई।
जानकारी के अनुसार हीराजी का खेड़ी निवासी धर्मराज 14 पुत्र भैरूलाल गुर्जर रविवार को अजमेर रोड स्थित नाथानी कृषि फार्म की तरफ मवेशी चराने गया था। इस दौरान वैन लेकर आए चार नकाबपोश उसे वैन में डालकर ले गए। अजमेर में चारों नकाबपोश एक जगह नाश्ता करने के लिए रूके। वैन में एक किशोर और था जिसके हाथ पैर बंधे हुए थे। धर्मराज ने उसके हाथ पैर खोले तथा वैन से कूदकर भाग लिए।
मंदिर पर आकर बैठ गया धर्मराज
धर्मराज अजमेर रेलवे कॉलोनी स्थित चामुंडा माता मंदिर पर आकर बैठ गया। इस दौरान एक रेलवे कर्मचारी ने उससे पूछा तो उसने आपबीती सुनाई। जिस पर रेलवे कर्मचारी ने परिजनों व पुलिस को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना पर मांडल थाना प्रभारी दिनेश कुमावत व किशोर के पिता भैंरूलाल अजमेर पहुंचे तथा बच्चे को लेकर देर रात मांडल पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही छानबीन
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्र से भी जानकारी ली जा रही है कि आखिर सच्चाई क्या है। इस बीच अहर्ताओं की वैन में दूसरा किशोर कौन था, जो अजमेर में चंगुल से बचकर भाग निकला। उसके बारे में भी पुलिस छानबीन कर रही है।