भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में नहीं चल रहे दस रुपए के सिक्के

भीलवाड़ा के बैंक नहीं मानते आरबीआई के नियम

2 min read
Sep 18, 2022
भीलवाड़ा में नहीं चल रहे दस रुपए के सिक्के

भीलवाड़ा. प्रदेश का एक मात्र शहर है भीलवाड़ा, जहां किसी भी बैंक में दस के सिक्के तक नहीं लिए जा रहे हैं। बैंक के मना करने से आमजन भी यह दस का सिक्का नहीं लेते हैं। ऐसे में भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से निकाले गए इन सिक्कों का चलन तक नहीं है। वही कई लोग तो इसलिए परेशान है कि उनके पास दस-दस के सिक्के पड़े हैं, लेकिन कोई लेने को तैयार नहीं है।

कोई कीमत नहीं दस के सिक्के की
भीलवाड़ा के बाजार व बैंक में सिक्कों की कीमत धेले की भी नहीं है। 10 रुपए का सिक्का तो भीलवाड़ा के बाजार में दुकानदार पहले ही लेने से मना कर रहे थे। अब तो एक व दो रुपए के सिक्के लेने में आनाकानी शुरू हो गई है। दुकानदार या ऑटो चालक ही क्यों, बैंक भी ग्राहक से सिक्के लेने में आनाकानी कर रहे हैं। बैंकों में सिक्के जमा न होने के कारण असर बाजार में दिखने लगा है। दुकानदारों और ग्राहकों के बीच रेजगारी को लेकर बहस आम बात है।

आरबीआइ की गाइडलाइन
रिजर्व बैंक ने बैंकों में सिक्के जमा करने की सीमा तय नहीं की। हालांकि सिक्का अधिनियम 2011 की धारा 6 (1) के अनुसार किसी भी मूल्य वर्ग के सिक्के एक रुपए से कम नहीं हों व कुल एक हजार रुपए तक के भुगतान के लिए वैध रहेंगे। लेकिन सिक्के जमा करने में बैंकों की आनाकानी ने बाजार में असमंजस पैदा कर दिया। ग्राहकों से व्यापारी सिक्के नहीं लेते हैं। ग्राहक सिक्के खपाने के लिए परेशान हैं।
जयपुर में चलते, भीलवाड़ा में नहीं
दस रुपए का सिक्के जयपुर समेत प्रदेश के सभी शहरों में बिना रोक-टोक चल रहे हैं। लेकिन ये सिक्के भीलवाड़ा में चलन से बाहर कर दिए गए। दस के सिक्के से लोग परहेज करते हैं। सिक्कों के लेनदेन से मनाही करने वाले व्यापारियों पर प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी दी लेकिन असर नहीं हुआ। कारण बैंक सिक्के लेने से मना करते रहे और उन पर दवाब नहीं बन सका। नियमानुसार बैंक एक दिन में एक व्यक्ति से एक हजार रुपए तक के सिक्के ले सकते हैं।

कोई मना नहीं कर सकता

भारतीय सिक्कों को कोई भी व्यक्ति या बैंक लेने से मना नहीं कर सकता है। यहां भीलवाड़ा में दस के सिक्के लोग नहीं लेते हैं। यह गलत सोच है। सिक्के कोई लेने से मना करता है और उसकी कोई शिकायत करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
-सौराज मीणा, लीड बैंक मैनेजर, भीलवाड़ा

Published on:
18 Sept 2022 09:11 am
Also Read
View All