शिवभक्ति में डूबा भीलवाड़ा, गूंजे ‘बोल बम’ के जयकारे निंबार्क आश्रम से हरणी महादेव तक निकली कांवड़ यात्रा, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
भीलवाड़ा शहर में श्रावण मास पर शिवभक्ति, आस्था और जनसहभागिता का अद्वितीय संगम देखने को मिला। पूर्वांचल जनचेतना सेवा समिति भीलवाड़ा के तत्वावधान में रविवार को निंबार्क आश्रम गांधीनगर से हरणी महादेव मंदिर तक निकाली गई भव्य, दिव्य और विशाल कांवड़ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। एक अन्य कांवड़ यात्रा आजाद नगर वार्ड नंबर 20 से निकाली गई।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत महंत मोहन शरण महाराज, महंत बनवारी शरण काठिया बाबा, महंत बाबुगिरी के सान्निध्य में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। महापौर राकेश पाठक, पूर्व राज्यमंत्री धीरज गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह, प्रतापनगर थानाधिकारी सुरजीत ठोलिया, ट्रैफिक थाना प्रभारी बाबूलाल टेपन, पार्षद ओम साईं राम, आजाद शर्मा, ओम प्रकाश नारानीवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अक्षय त्रिपाठी सहित संत-महात्माओं, समाजसेवियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों को झंडी दिखाकर रवाना किया।
भक्ति, अनुशासन और उल्लास का माहौल
पूरे यात्रा मार्ग में शिव नाम के जयघोष, ढ़ोल-नगाड़ों की धुन, भजन मंडलियों की गूंज और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। ‘बोलबम’ के नारों से शहर गूंज उठा और वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। यात्रा के समापन पर हरणी महादेव मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना, शिव आरती और प्रसादी वितरण किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त किया।
व्यवस्थाएं रहीं चाक-चौबंद
मीडिया प्रभारी विक्रम झा ने बताया कि यात्रा मार्ग पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, सुरक्षा व्यवस्था, भजन मंडलियों एवं भोजन प्रसादी जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराई गईं। नगर प्रशासन और स्वयंसेवकों का सहयोग सराहनीय रहा। समिति अध्यक्ष अरुण राय ने यात्रा की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया। समिति संरक्षक डॉ. अशोक सिंह, सचिव ओमप्रकाश सिंह, कोषाध्यक्ष कृष्णा महतो, शक्ति नाथ ठाकुर, जगन्नाथ झा, रोशन सिंह, सुरेश चन्द्रबंशी, हंसराज यादव उपस्थित रहे।
कावड़ यात्रा में बालक कंधों पर गड़ा लेकर चल रहा था बना आकर्षण केंद्र
वार्ड नंबर 20 आजादनगर में रविवार को मंशापूर्ण महादेव मंदिर से कांवड़ यात्रा आयोजित हुई। कांवड़ सांवरिया मंदिर , बालाजी मंदिर, मंगलेश्वर महादेव मंदिर सहित विभिन्न मार्गो से होती हुई हरणी महादेव मंदिर पहुंची। कांवड़ यात्रा के दौरान बम बम भोले और हर हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बालक- बालिकाएं कावड़ लेकर चल रहे थे। यात्रा के दौरान 401 बालक बालिकाएं पुरुष- महिलाएं कलश लेकर चलेंगी। यात्रा के दौरान एक बालक भी आकर्षण का केंद्र बना रहा। बालक कंधों पर कावड़ यात्रा में गड़ा लेकर चल रहा था। पार्षद राजेंद्र पोरवाल ने कावड़ियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।