पहली फील्ड विजिट पर भीलवाड़ा पहुंचे सीएस वी. श्रीनिवास बोले- यहां 50 लाख स्पिंडल का विजन
प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास शुक्रवार को अपनी पहली फील्ड विजिट पर भीलवाड़ा पहुंचे। सर्किट हाउस में कलक्टर जसमीत सिंह संधू और एसपी धर्मेंद्र सिंह की ओर से अगवानी के बाद मुख्य सचिव ने चित्तौड़गढ़ रोड स्थित एक स्पिनिंग उद्योग का अवलोकन किया। उद्यमियों और किसानों से संवाद के बाद संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि भीलवाड़ा का यार्न एक्सपोर्ट बेहद सफल है और अब हमारा लक्ष्य इसे 15 लाख स्पिंडल से बढ़ाकर 50 लाख स्पिंडल तक ले जाना है। यह विजन विकसित भारत और विकसित राजस्थान 2047 के संकल्प को पूरा करेगा।
सीएस वी. श्रीनिवास ने टेक्सटाइल रिसर्च को उद्योग की रीढ़ बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि भीलवाड़ा में बड़ी ग्लोबल कॉन्फ्रेंस आयोजित की जानी चाहिए। इसमें दुनिया भर के कपड़ा विशेषज्ञ शिरकत करें। उन्होंने याद दिलाया कि जिस तरह बिहार में मखाना बोर्ड बना, उसी तरह भीलवाड़ा की वस्त्र इंडस्ट्री भी नई ऊंचाइयों को छू रही है।
सीएस वी. श्रीनिवास ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दो दिन पूर्व ही इंडस्ट्रियल पार्क पॉलिसी 2026 लॉन्च की है। इससे पहले पिछले वर्ष टेक्सटाइल एंड अपरेल पॉलिसी 2025 लागू की थी। इन दोनों नीतियों के समन्वय से भीलवाड़ा के रूपाहेली सहित अन्य क्षेत्रों में इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल ग्रोथ को गति दी जाएगी। सीएस वी. श्रीनिवास का कपास से पुराना जुड़ाव रहा है। भीलवाड़ा में 30 हजार हेक्टेयर और बांसवाड़ा में 11 हजार हेक्टेयर में एक्स्ट्रा कॉटन की खेती हो रही है। इसे और बढ़ावा देने के लिए वे जल्द ही कृषि आयुक्त, कॉटन कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और जीनिंग फैक्ट्री मालिकों के साथ विशेष बैठक करेंगे।