भीलवाड़ा

cleanliness survey स्वच्छता सर्वे में सफाई कर्मियों की सुरक्षा के भी अंक जुड़ेंगे

इस बार अंक 6000 से बढ़ाकर 7500 किए

2 min read
Dec 01, 2021
cleanliness survey स्वच्छता सर्वे में सफाई कर्मियों की सुरक्षा के भी अंक जुड़ेंगे

भीलवाड़ा।
इस साल के स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ी नगरपरिषद को अगले साल के सर्वेक्षण में बेहतर परफार्मेस के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। क्योंकि इस साल सफाई के साथ ही सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा भी अहम होगी। नगर परिषद को इसके भी नंबर मिलेंगे। वर्ष 2022 का स्वच्छता सर्वे आजादी -75 के नाम से होगा। इस परीक्षा के अंक भी अधिक होंगे। शहरी विकास मंत्रालय ने इसके अंक 6000 से बढ़ाकर 7500 कर दिए हैं। सबसे ज्यादा 3000 अंक सर्विस लेवल प्रोग्रेस के तय किए गए हैं। पब्लिक वॉइस के 2250 और सर्टिफिकेशन के लिए 2250 अंक तय किए हैं। सर्वेक्षण फरवरी 2022 से शुरू होगा। पहली बार सफाई कर्मियों की सुरक्षा के अंक भी इसमें जुड़ेंगे। बीते तीन सालों में राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर नगरपरिषद भीलवाड़ा की परफार्मेंस लगातार गिरती जा रही है। भीलवाड़ा को स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 में २७३ वी रैंक मिली है। पिछले साल 2020 में ३३३वीं तथा 2019 में ३७२वी रैंक थी।
नए सर्वे में इस तरह निर्धारित होंगे अंक
सर्विस लेवल प्रोग्रेस पर 40 प्रतिशत यानी 3 हजार अंक होंगे। इसमें देखेंगे कि डिजिटल ट्रैकिंग लागू है या नहीं। कचरे के पृथक संग्रह, प्रसंस्करण और निपटान, सतत स्वच्छता, सफाई मित्र सुरक्षा, डिजिटल ट्रैकिंग शामिल है। 2021 में इसके अंक 2400 थे।
सिटीजन वॉइस पर 2250 अंक
सिटीजन वॉइस के 30 प्रतिशत यानी 2250 अंक होंगे। इसमें आपदा, महामारी व अन्य परिस्थितियों से निपटने के इंतजाम की समीक्षा होगी। सीनियर सिटीजन की राय लेंगे। प्रतिक्रिया, जुड़ाव, अनुभव, स्वच्छता एप, महामारी में तैयारी और नवाचार के भी अंक होंगे। 2021 में इसके 1800 अंक थे।
सर्टिफिकेशन के 2250 अंक
सर्टिफिकेशन के 2250 अंक यानी 30 प्रतिशत तय किए गए हैं। इसमें कचरा मुक्त शहर, स्टार रैटिंग, ओडीएफ प्लस, ओडीएफ डबल प्लस को शामिल है। पहले इसके 1800 अंक थे। इसके लिए भी नगरपरिषद को प्रयास करने होंगे।
सर्वे में अब शत-प्रतिशत वार्ड किए जाएंगे शामिल
शहर के सार्वजनिक शौचालय 24 घंटे खुले रहेंगे। सेनेट्री नेपकिन से लेकर सभी सुविधाएं रखनी होगी। सर्वे का दायरा 40 से बढ़ाकर 100 प्रतिशत वार्ड का होगा। जियो टैगिंग होगी। कर्मियों की सुरक्षा में महामारी से बचाव को वैक्सीनेशन, पीपीई किट, मास्क या अन्य इंतजाम, स्वास्थ्य जांच, बीमा की जांच होगी। डिजिटल ट्रैकिंग के तहत फीडबैक, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की मॉनिटरिंग कंप्यूटर से होगी।

Published on:
01 Dec 2021 10:15 pm
Also Read
View All