भीलवाड़ा

अमीर बनने का एेसा देखा ख्वाब, लालच में पहुंचा दिया यहां तक

लग्जरी कार से तीन लाख का डोडा चूरा बरामद
2 min read
Mar 13, 2019
To be rich, you saw such a dream
To be rich, you saw such a dream

अमीर बनने का एेसा देखा ख्वाब, लालच में पहुंचा दिया यहां तक

भीलवाड़ा. रायला पुलिस ने बुधवार तड़के नाकाबंदी के दौरान लग्जरी कार से तीन लाख का डोडा चूरा बरामद कर तीन जनों को गिरफ्तार किया। आरोपी लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को लुभाने के लिए सैंपल लेकर तस्करी की बड़ी योजना को अंजाम देने की फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
थानाधिकारी सुगन चौधरी को सूचना मिली कि भीलवाड़ा की ओर से आ रही कार में अवैध रूप से मादक पदार्थ लाया जा रहा है। इस पर अजमेर हाईवे पर सरेरी चौराहे के निकट नाकाबंदी की गई। भीलवाड़ा की ओर से आ रहे कार चालक ने नाकाबंदी देख वह वाहन को घुमाकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर उसे रोक लिया। वाहन में तीन जने बैठे थे। डिक्की की तलाश पर तीन बोरों में ४६ किलो डोडा चूरा भरा मिला। पूछताछ में अपना नाम सायरपुरा (जोधपुर) निवासी नजीर खां, जाटो की ढाणी (जोधपुर) निवासी सुमेर जाट तथा एकलिंगपुरा (गंगरार) निवासी दिनेशचन्द्र जाट बताया। जांच शम्भूगढ़ थानाधिकारी नंदलाल को सौंपी गई। यह डोडा चूरा नीमच से भरा गया और जोधपुर ले जाना था।

घरवालों से अनबन, लखपति बनने का सपना
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों की घरवालों से अनबन चल रही थी। वे जोधपुर में अलग रह रहे थे। उनको महंगे मोबाइल व गाड़ी रखने का शौक था। पढ़ाई में मन नहीं लगने पर जल्द अमीर बनने की चाह में तस्करी का रास्ता अपना लिया। दिनेश व सुमेर जयनारायण विश्वविद्यालय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। दिनेश के पिता दुबई में बड़े व्यापारी हैं तथा शेष दोनों आरोपी भी अच्छे खानदान से हैं।

बड़ी खेप की सप्लाई की थी साजिश
आरोपियों ने कबूल किया कि लोकसभा चुनाव में मारवाड़ इलाके में डोडा पोस्त की विशेष मांग को देखते हुए उन्होंने सेम्पल तौर पर अवैध अफीम डोडा पोस्त खरीदा था। यह डोडा पोस्त बरामदकी तस्करी करते और वापसी में उन्हें बड़ी खेप की सप्लाई की योजना इनके द्वारा बनाई गई थी।

Published on:
13 Mar 2019 10:36 pm