
भीलवाड़ा।
ब्यावर व जयपुर के शादी समारोह के दौरान गैस सिलेण्डर की घटना होने के बाद भी जिला प्रशासन अब भी गहरी नींद में है। इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कलक्टर ने भी आदेश जारी कर अपने कार्य से इतिश्री कर ली। जिला रसद विभाग भी इन आदेशों में लाल बस्ते में बन्द करके बैठ गया है। ऐसे में आज भी समारोह स्थल पर घरेलू गैस सिलेण्डर का उपयोग बिना किसी रोक-टोक के हो रहा है। अवैध गैस रिफिंलिंग के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
ब्यावर में हुई घटना के बाद संभागीय आयुक्त की अध्यक्षता में संभाग की आपदा प्रबन्धक व सामाजिक सुरक्षा सम्बन्धी बैठक में कलक्टर को अवैध गैस रिफिलिंग तथा शादी समारोह स्थल पर काम आने वाले गैस सिलेण्डरों के मामले में कार्रवाई के आदेश दिए थे। इस आदेश पर तत्कालीन कलक्टर मुक्तानन्द अग्रवाल ने १४ मार्च को गैस वितरक, क्षेत्र के थानाप्रभारी तथा रसद विभाग के अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। रसद विभाग ने भी इस आदेश के तहत दिखावे के तौर पर एक-दो कार्रवाई करके चुप बैठ गया है।
ये थे आदेश
अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ नियमित रूप से अभियान चलाकर प्रतिबंध लगाकर दोषियों के खिलाफ आईपीसी की धारा के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश क्षेत्र के थानाप्रभारी, प्रवर्तन अधिकारी तथा प्रवर्तन निरीक्षक को दिए।
समारोह स्थलों में घरेलू गैस सिलेण्डर का उपयोग न कर व्यावसायिक गैस का उपयोग किए जाने के निर्देश लगाने तथा गैस का उपयोग करने पर कार्रवाई के लिए नगर परिषद आयुक्त, नगर पालिका के अधिशासी अभियन्ता, सचिव नगर विकास न्यास, प्रवर्तन अधिकारी व निरीक्षक को निर्देश दिए।
जिले में संचालित गैस गोदामों, गैस एजेन्सीयो एवं पेट्रोल पम्पों का औचक निरीक्षण करना।
घरेलू गैस सिलेण्डरों पर डीलेवरी के समय सुरक्षा उपाय के स्टीकर लगाना। सिलेण्डर के क्रमांक का रिकार्ड रखना।
गैस गौदाम घनी आबादी से दूर स्थानान्तरित करना।
जिले में संचालित समारोह स्थल, धर्मशालाएं, सामुदायिक भवनों पर आगजनी को दृष्टिगत रखते हुए अग्निशमन यंत्र के साथ अग्निशमन पाइप, सुरक्षा उपकरण तथा मिट्टी से भरी बाल्टियां रखने के लिए पाबन्द करने के निर्देश स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को दिए। इसके अलावा अवैध रूप से चल रहे समारोह स्थल के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। यह सभी निर्देश आज ठण्डे बस्ते में पड़े है।
चलाया था सुरक्षा अभियान
&कलक्टर के आदेश पर 1 से 15 अप्रेल तक सुरक्षा अभियान चलाया था। इस दौरान ६ गैस रिफिलिंग तथा 25 से ज्यादा घरेलू गैस सिलेण्डर जब्त किए थे। आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
ओमेन्द्र मिश्रा, प्रवर्तन निरीक्षक रसद विभाग