प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर के बीच बुधवार को एकाएक मौसम ने करवट ली। कई जिलों में तेज हवा व बादलों की गर्जना के बीच दस से तीस मिनट तक बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ जिले के पहुंना के बारू में महंगाई राहत कैम्प में अंधड से टेंट ही उधड़ कर गिर गए। घटना में तीन जने चोटिल हो गए। वही भीषण गर्मी के दौर के बीच बारिश से लोगों ने राहत महसूस की।
प्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर के बीच बुधवार को एकाएक मौसम ने करवट ली। कई जिलों में सुबह से ही धूप छांव का मौसम रहा। दोपहर बाद कई हिस्सों में घने बादल छा गए। तेज हवा व बादलों की गर्जना के बीच कई स्थानों पर दस से लेकर तीस मिनट तक बारिश हुई। चित्तौड़गढ़ जिले के निम्बाहेड़ा, बेगूं व गंगरार क्षेत्र में तो आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। वही जिले के ही पहुंना के बारू में महंगाई राहत कैम्प में अंधड से टेंट ही उधड़ कर गिर गए। घटना में तीन जने चोटिल हो गए। वही भीषण गर्मी के दौर के बीच बारिश से लोगों ने राहत महसूस की।
चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी उपखंड के बारु ग्राम में बुधवार दोपहर हलकी बारिश के दौरान उठे अंधड से महंगाई राहत कैंप के टेंट उखड़ गए। इससे लैपटॉप एवं कंप्यूटर को भी नुकसान हुआ। इस दौरान शिविर में टेंट गिरने से ई मित्र चालक प्रहलाद सुखवाल, रोशन लाल बोहरा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मंजू देवी सुखवाल आदि को चोंटे भी आई। इनमें रोशन लाल बोहरा,प्रहलाद सुखवाल को चित्तौड़गढ़ रैफर किया गया। तुरंत विद्युत व्यवस्था बंद करने से बड़ा हादसा होने से बच गया।
चित्तौड़गढ़ जिले में बेगूं नगर सहित आसपास के क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। आधे घण्टे की बारिश से क्षेत्र में ठंडक हो गई। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। गर्मी और उमस के बाद आसमान में बादल छाने लगे। घने बादल छाने से अंधेरा हो गया। दोपहर बाद तो तेज बारिश शुरू हो गई। करीब आधा घण्टे तक झमाझम तो कभी मध्यम बारिश हुई। बारिश होने से तेवर दिखाती गर्मी से दुपहरी में ठंडक हो गई।
गंगरार उपखंड क्षेत्र में बुधवार को दिन भर आकाश में बादल छाए रहे। सुबह से ही सूर्य देव बादलों की ओट में छुपे रहे । दिन में रह रह कर तेज हवाएं भी चली तथा कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। तेज हवाओं के चलने से फलदार वृक्षों को नुकसान पहुंचा।