भीलवाड़ा

बारिश के बीच सर्दी ने दी दस्तक, बंगाल की खाड़ी व पश्चिमी विक्षोभ का असर

- बादलों व बूंदाबांदी से मौसम में आया बदलाव, तापमान 25 डिग्री से नीचे, लोग गर्म कपड़ों में नजर आए

2 min read
Oct 31, 2025
फोटो: पत्रिका

भीलवाड़ा शहर में गुरुवार शाम को हल्की बारिश के साथ ही सर्दी ने दस्तक दे दी। पिछले चार दिनों से आसमान में छाए घने बादल और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। अरब सागर में बने निम्न-दबाव क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात मोंथा और ऊपरी-वायुमंडल में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त असर से भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी हुई।

दिनभर बादल छाए, सूर्यदेव के दर्शन मुश्किल

सुबह से ही आसमान बादलों की चादर से ढका रहा। सूर्यदेव के दर्शन नही होने से दिनभर ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम करीब सवा पांच बजे शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर कई घंटे तक चला।

सिस्टम का समन्वित प्रभाव

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर की निम्न-दबाव प्रणाली और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात ने राज्य में नमी बढ़ा दी है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की गति धीमी हुई है। इन सभी कारकों के चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का अहसास बढ़ा है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स भी गुरुवार को 80 पर दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर पर है।

अगले सप्ताह फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि सोमवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी का दौर फिर शुरू हो सकता है। विभाग ने कई जिलों के लिए मौसम अलर्ट भी जारी किया है।

गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी

मौसम के तेवर बदलते ही बाजारों में भी बदलाव नजर आ रहा है। दुकानों पर स्वेटर, जैकेट, शॉल और मफलर की बिक्री बढ़ गई है। मॉर्निंग वॉकर्स अब मोटे स्वेटर या जैकेट पहनकर निकल रहे हैं, वहीं शाम के समय लोग जल्दी घर लौटने लगे हैं।

तापमान में आएगी गिरावट

मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएल.शर्मा का कहना है कि यह बदलाव तीन प्रमुख मौसमी प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव का परिणाम है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। नवंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में ठंड का असर और गहराएगा।

चिकित्सकों की सलाह गर्म कपड़े पहनें

चिकित्सकों ने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सुबह और शाम के समय तापमान में अचानक गिरावट से सर्दी-जुकाम और एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि हल्के कपड़ों के ऊपर एक अतिरिक्त गर्म परत अवश्य पहनें।

फैक्ट फाइल

  • न्यूनतम तापमान - 20.4 डिग्री
  • अधिकतम तापमान - 24.6 डिग्री
  • एक्यूआई-80 (सामान्य)
Published on:
31 Oct 2025 12:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर