
Car Crushed Woman In Bhilwara: लेन-देन और रंजिश के चलते इंसानी रिश्तों की गरिमा और कानून का खौफ किस कदर खत्म हो चुका है, इसकी खौफनाक बानगी सदर थाना क्षेत्र में देखने को मिली। मंगलवार दोपहर फैक्ट्री के बाहर मवेशी चरा रही एक महिला को कार सवारों ने सरेआम कुचल दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामला महज पांच लाख रुपए के विवाद और किराए की जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से जुड़ा बताया जा रहा है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार सुवाणा की प्रियदर्शनी कॉलोनी की लाली देवी (46) पत्नी कैलाश लोहार मंगलवार दोपहर हलेड रोड पर एक फैक्ट्री के मुख्य द्वार के निकट अपने गाय-भैंस चरा रही थी। महिला का बेटा किशन उसी फैक्ट्री के भीतर काम कर रहा था। तभी अचानक एक कार वहां पहुंची और उसमें सवार लोगों ने जान लेने की नीयत से महिला पर गाड़ी चढ़ा दी। वारदात के वक्त करीब 20-25 मजदूर मौके पर मौजूद थे जिनके सामने ही आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। लहूलुहान हालत में महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बेटे किशन लोहार ने भीलवाड़ा निवासी बंटी छीपा और उसके साथियों के खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट दी। इसमें हत्या का आरोप लगाया है। किशन की रिपोर्ट के अनुसार करीब डेढ़ साल पहले उसने चचेरे भाई किशन को बंटी छीपा से 1500 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से एक जीप किराए पर दिलवाई थी। लेकिन किराए पर लेने के पहले ही दिन पुर थाना क्षेत्र में उस जीप से एक्सीडेंट हो गया जिसमें एक व्यक्ति की जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस ने जीप को जब्त कर लिया। आवश्यक दस्तावेज पूरे नहीं होने के कारण गाड़ी थाने से छूट नहीं सकी।
जीप जब्त होने के बाद आरोपी बंटी ने पीड़ित परिवार पर गाड़ी की कीमत के तौर पर पांच लाख रुपए चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। बेटे का आरोप है कि बीते एक साल से उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही थीं और पैसों के लिए परेशान किया जा रहा था। इसी खौफ और प्रताड़ना से तंग आकर परिवार को अपना मूल मकान और प्लॉट कोटड़ी क्षेत्र में छोड़कर भीलवाड़ा आकर रहना पड़ा था। इसके बावजूद आरोपी का पीछा नहीं छूटा और आखिरकार उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू की। थाना प्रभारी रोहिताश्व यादव ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के पुत्र किशन ने घटना को लेकर बंटी आदि के खिलाफ रिपोर्ट दी है। मामले की जांच के लिए वाहन, घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और लेन-देन के पूरे विवाद की गहनता से पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।