
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (फोटो: पत्रिका)
3 Accused Arrested In Theft Case: पुलिस थाना ओसियां और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चोरी व नकबजनी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना समेत तीन शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में ओसियां सहित पाली, बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर जिले में सात वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में वारदात वाली जगह की रेकी करते थे और रात में पिकअप लेकर चोरी करने निकलते थे। गिरोह विशेष रूप से सोलर प्लांट, मोबाइल टावर, मोटर पंप की दुकानों और विद्युत तार के गोदामों को निशाना बनाता था।
10 अगस्त की रात ग्राम थोब में मोटर पंप रिवाइंडिंग की दुकान का शटर तोड़कर करीब दो क्विंटल तांबे के नए-पुराने तार चोरी किए गए थे। मामले में मथानियां निवासी धन्नराज प्रजापत ने जोधपुर ग्रामीण जिले के औसियां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन में वारदात को गंभीरता से लेते हुए डीएसटी और औसियां थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी व मुखबिर तंत्र के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की और तीन संदिग्धों को दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने थोब की वारदात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि करीब दो-तीन माह पहले पाली जिले के चोटीला क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से चार बार मोबाइल टावरों की बैटरियां चोरी की थीं। इसके अलावा बीकानेर-फलोदी राजमार्ग के पास एक दुकान का शटर तोड़कर तांबे के तार चोरी किए। बीकानेर क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के वायर गोदाम से एल्युमिनियम के तार तथा 13 अगस्त की रात रामदेवरा के पास सोलर प्लांट से पीतल चोरी करना भी स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। अब उनसे चोरी के माल की बरामदगी, वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पूछताछ में और वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। पुलिस ने राजूराम पुत्र देवाराम निवासी देड़ा, थाना शेरगढ़, जोधपुर ग्रामीण, विराराम उर्फ वीरू पुत्र बुद्धाराम निवासी बेलवा राजगढ़, थाना बालेसर, जोधपुर ग्रामीण, चौथाराम उर्फ सवाईराम पुत्र गजाराम उर्फ गोपाराम निवासी बेलवा राजगढ़, थाना बालेसर, जोधपुर ग्रामीण को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी राजूराम के खिलाफ चोरी, विद्युत तार चोरी और अन्य अपराधों के कई मामले पहले से दर्ज हैं। उसके खिलाफ बालेसर, राजीव गांधी नगर, सांकड़ा, देचू, मंडोर, भणियाणा और शेरगढ़ थानों में प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। वहीं चौथाराम और विराराम के खिलाफ भी पूर्व में विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।कार्रवाई में ओसियां थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी, डीएसटी प्रभारी एएसआई श्रवणकुमार भंवरियां, हैडकांस्टेबल वीरेन्द्र खदाव, मोहनराम, मदन मीणा, कांस्टेबल सुरेश डूडी सहित डीएसटी और ओसियां थाना पुलिस की टीम शामिल रही। मामले में अनुसंधान जारी है।
Updated on:
19 Aug 2026 10:18 am
Published on:
19 Aug 2026 10:18 am
