
बदनोर।
कस्बे में प्रेम प्रसंग के चलते बुधवार रात युवक ने फंदे पर झूलकर जाने दे दी। प्रेमिका को गुरुवार सुबह पता लगा तो उसने भी जहर खा लिया। हालत बिगडऩे पर उसे बदनोर अस्पताल ले जाया गया। हालत गम्भीर होने से भीलवाड़ा रैफर कर दिया गया।
बदनोर थानाधिकारी नंदूसिंह के अनुसार बदनोर निवासी संतोष साहू (25) मजदूरी करता है। रात में भोजन करके कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने कमरे में पंखे के हुक पर रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह देर तक संतोष नहीं उठा तो उसके पिता जगाने गए। लेकिन अंदर से आवाज नहीं आई। इस पर धक्का देकर दरवाजा खोला तो संतोष को पंखे पर लटका देखकर उसके होश उड़ गए। घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर बदनोर पुलिस वहां पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव उतार कर मोर्चरी में रखवाया। उधर, इसका पता चलने पर क्षुब्ध होकर युवती ने जहर खा लिया। जिस युवती ने जहर खाया उसका मोबाइल नम्बर संतोष के फोन पर थे। रात में युवती ने उसे नौ कॉल किए थे। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग मान रही है। युवती के बयान देने की स्थिति में नहीं होने से स्थिति साफ नहीं हो पाई थी।
ताला जड़ किया प्रदर्शन
कोटड़ी पंचायत समिति परिसर में मंगलवार को ककरोलिया घाटी पंचायत के सचिव सत्यप्रकाश चौधरी से मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया। कोटड़ी पंचायत समिति के कार्मिकों व सचिव संघ के पदाधिकारियों ने कार्यालय पर ताला जडा तथा सामूहिक अवकाश पर रहे। कर्मचारियों ने उपखंड अधिकारी उम्मेदसिंह को ज्ञापन सौंपा।
बहिष्कार की चेतावनी
राजस्थान ग्राम सेवक संघ व भाजपा इस मुद्दे पर आर-पार की लडाई के मूड में है। ग्राम सेवक संघ ने अधिकारियों को दिए ज्ञापन में कहा, तीन दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिले भर में पंचायतों में कार्य बहिष्कार करेंगे। वहीं कोटड़ी पंचायत क्षेत्र की पंचायतों में बुधवार से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल के नेतृत्व में कोटड़ी मंडल अध्यक्ष ने आईजी मालिनी अग्रवाल, कलक्टर तथा पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा कि कोटड़ी में अब एेसी कोई घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आईजी ने नामजद लोगों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश एसपी को दिए। हालांकि भाजपा नेताओं ने कहा, हम एसपी पर विश्वास नहीं कर सकते हैं।
मौका पर्चा बनाया
सचिव के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने मौका पर्चा बनाया। थाना अधिकारी भंवर सिंह गौड़ ने बताया कि पुलिस ने सचिव के साथ मौके पर पहुंच घटना की जानकारी ली व मौका पर्चा तैयार किया।