
Honey Trap Gang: मध्यप्रदेश के भिंड जिले की देहात थाना पुलिस ने लोगों को अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाली शातिर हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रेस्ट हाउस के पास से एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गैंग में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जो दो आरोपी फरार हैं वो पहले भी इसी तरह के मामलों में पकड़े जा चुके हैं।
10 अक्टूबर को एक फरियादी 53 वर्षीय राधेश्याम नरवरयिा निवासी हरनाथपुरा ने देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 14-15 दिन पहले उसके पास एक महिला का फोन आया। महिला ने मीठी-मीठी बातें शुरू कीं और विश्वास में लेकर रेस्ट हाउस के पास मिलने बुलाया। चाय पिलाने के बहाने वह बुजुर्ग को अपने घर ले गई। वहां पहले से ही गैंग के सदस्यों ने जाल बिछा रखा था।
घर में मौजूद गैंग के दूसरे सदस्यों ने मौका पाते ही बुजुर्ग की वीडियो बना लिया। इसके बाद शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल। गैंग के सदस्यों ने वीडियो वायरल करने, दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने तथा जान से मारने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की मांग की। डर के कारण पीड़ित ने दो घंटे के अंदर ही एक लाख रुपये दे दिए, फिर भी आरोपी लगातार पैसों के लिए धमका रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो महिला और दो पुरुषों के खिलाफ केस दर्ज किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रेस्ट हाउस के पास से एक महिला और एक पुरुष आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस पकड़ी गई महिला व उसके साथी से पूछताछ कर ही है। पुलिस को आशंका है कि गैंग ने इसी तरह कई अन्य बुजुर्गों को भी अपना शिकार बनाया है। अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने बताया कि फरार दो आरोपी आदतन अपराधी हैं और पूर्व में भी हनी ट्रैप में पकड़े जा चुके हैं। उनकी तलाश जारी है। भिण्ड पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इस तरह की ब्लैकमेलिंग या हनी ट्रैप की घटना होने पर बिना डरे तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत करें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।