भिंड

सराफा दुकान में तोडफ़ोड़ कर गहने लूटे

ग्राहक को भड़काने को लेकर हुआ था विवाद, सरिये व डंडों से किया हमला
2 min read
Jun 14, 2018
crime, police, jwalery shop, injured, bhind news in hindi, mp news
सराफा दुकान में तोडफ़ोड़ कर गहने लूटे

भिण्ड. देहात थाना क्षेत्र के लहार चुंगी इलाके में गुरुवार की दोपहर चार लोगों ने एक सराफा दुकान में तोडफ़ोड़ कर दी। रोकने पर हमलावरों ने सराफा व्यापारी के अलावा दुकान मालिक दादा तथा पोते को भी घायल कर दिया। सराफा व्यापारी ने हमले में सोने के गहने लूट ले जाने का आरोप लगाया है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार नरेश सोनी पुत्र रामजीलाल सोनी ने शिकायत में बताया कि लहार चुंगी इलाके में श्रीहरि ज्वेलर्स नाम से संचालित अपनी दुकान पर बैठा हुआ था तभी चार हमलावर- सरिया, कट्टा, डंडा लेकर आए और दुकान में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। तोडफ़ोड़ करने से रोका तो हमलावरों ने जैवलर्स नरेश सोनी को पीटना शुरू कर दिया। बीच बचाव के लिए दुकान मालिक गोलू १८ पुत्र अनिरुद्ध द्विवेदी एवं उसके दादा बद्री प्रसाद द्विवेदी पुत्र विशंभर दयाल द्विवेदी आए तो हमलावरों ने उनके सिर में भी सरिया मार दिया।

सोने के गहने लूट ले जाने का आरोप

नरेश सोनी का आरोप है कि हमलावर आशीष सोनी, कन्हैया सोनी, मोहित कुमार व अजय कुमार ने हमले के दौरान दुकान में रखे गहने भी लूट लिए हैं। जबकि दुकान में तोडफ़ोड़ कर दिए जाने से १० हजार से अधिक का नुकसान हो गया है। नरेश सोनी का कहना है कि हमलावरों में दो लोग उसके पड़ौसी में ही ज्वैलरी की दुकान चलाते हैं। जिनका आरोप है कि नरेश सोनी उनके ग्राहकों को यह कहकर भड़का देता है कि वो गहनों में पीतल मिलाकर बेच रहा है।

दो घरों से ढाई लाख से अधिक का माल ले गए चोर

शहर के जोशीनगर इलाके में चोर गिरोह दो घरों का ताला तोड़कर सोने, चांदी के गहने तथा नगदी सहित ढाई लाख से अधिक का माल समेट ले गए। वारदात बुधवार व गुरुवार की रात की बताई गई है। पुलिस के अनुसार सुरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय जयराम शर्मा ने शिकायत में बताया कि उसके तथा उसके पड़ौसी शैशव कुमार के घर से चोर एक लाख से अधिक रुपए नगदी एवं डेढ़ लाख से ज्यादा कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस ने मौका मुआयना करने के उपरांत पड़ताल शुरू कर दी है।

Published on:
14 Jun 2018 10:15 pm