भिंड

जिला जज के घर से लौट रहा युवक आखिर क्यों नहीं पहुंचा घर

तेज रफ्तार ट्रक चालक ने कुचला, मौके पर निकली जान, आक्रोशित लोगों ने लगाया जाम, जिला जज के बंगले पर नौकरी करता था युवक
2 min read
Nov 22, 2017
young, man, judge's, arrive, home, accident,  bhind news, bhind news in hindi, mp news

भिण्ड. हाईवे 92 के बायपास पर एमजेएस कॉलेज के निकट साइकिल सवार एक 50 वर्षीय व्यक्ति को पीछे से अनियंत्रित ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम 6:30 बजे का है। दुर्घटना के उपरांत बायपास पर दो किलोमीटर तक जाम लग गया जो पुलिस के सहयोग से आधा घंटे बाद खुला।

टीआई शैलेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार रंजीत सिंह वाल्मीक पुत्र राममूर्ति वाल्मीक ऑफीसर कॉलोनी स्थित जिला जज के बंगले पर स्वीपर की नौकरी करता था। देर शाम वह ड््यूटी उपरांत साइकिल से घर जा रहा था। तभी पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक के चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला पहिया उसके शरीर से गुजर गया। हादसे के बाद दोनों ओर से बायपास पर जाम लग गया। मृतक रंजीत की पहचान उसके बेटे अहम वाल्मीक ने मृतक की चप्पल व कपड़े पहचानकर की। बताना मुनासिब है कि बीते एक माह में सिटी मेला से एमजेएस कॉलेज के बीच बायपास पर इस तरह का जानलेवा तीसरा हादसा है। बायपास किनारे साइकिल ट्रैक नहीं होने के कारण पैदल तथा साइकिल सवार लोग आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने साइकिल ट्रैक तथा चौराहे वाले स्थानों पर ब्रेकर बनाए जाने की मांग की है। पुलिस ने दुर्घटना कारक ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। चालक के खिलाफ सिटी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है।

हत्या के मामले में आठ नामजद

भिण्ड. शहर कोतवाली क्षेत्र के अटेर रोड इलाके में सोमवार देर शाम बंबा की पुलिया के निकट ट्रैक्टर सवार युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने की वारदात में पुलिस ने आठ आरोपियों को नामजद किया है। विकास तिवारी पुत्र मुरारीलाल तिवारी निवासी विरगवां की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह अपने घर पर चल रहे निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिट्टी भरकर ले जा रहा था। वारदात के उपरांत सभी आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने प्रारंभिक पड़ताल में रामानंद शर्मा, राधे शर्मा निवासी अटेर रोड भिण्ड, शिवपूजन शर्मा, करन शर्मा, हरीकृष्ण शर्मा, प्रकाश शर्मा, रामसनेही शर्मा एवं रामशरण शर्मा निवासी विरगवां पावई के रूप में नामजद कर उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि वारदात के २४ घंटे उपरांत भी पुलिस ने आठ में से एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

Published on:
22 Nov 2017 04:37 pm