
Bhind Bus Accident -एमपी के भिंड में भीषण रोड एक्सीडेंट हुआ है। यहां एक बस ट्रक से भिड़ गई। स्लीपर बस नेपाल से बेंगलुरु जा रही थी तभी रास्ते में ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ओवरटेक करते समय यह दुर्घटना हुई। हादसा शुक्रवार सुबह हुआ।
ड्राइवर केबिन में फंस गया जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला
स्लीपर बस जिस ट्रक से टकराई उसमें एलपीजी सिलेंडर भरे थे। हादसे में बस का ड्राइवर भी केबिन में फंस गया जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।
पुलिस ने बताया कि बस नेपाल के पलिया से बेंगलुरु जा रही थी। नेशनल हाईवे 719 पर गोहद चौराहे पर ट्रक ने एक ट्रॉला को ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी सामने से आ रही बस से उसकी भीषण टक्कर हो गई। बंजारे का पुरा के पास यह हादसा हुआ। दुर्घटना में एक की मौत हो गई जबकि 12 यात्री घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट से बचने के लिए ड्राइवर ने ट्रॉला को सड़क से नीचे उतार दिया जिससे वह पलट गया। ट्रॉला पलटकर खाई में गिर गया। इधर हादसे में घायल बस यात्री सड़क पर ही तड़पते रहे। आसपास के लोगों ने मदद कर उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचित किया। प्रत्यक्षदर्शियों, घायलों और मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस के देर से आने की भी शिकायत की है।
बस का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया था जिसे लोगों ने निकाला। हादसे में बस और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। आगे से बस चकनाचूर हो गई है।
बस के पीछे बाइक पर चल रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि पुलिस, सूचना देने के करीब आधा घंटे बाद दुर्घटनास्थल पर आई। इससे पहले लोगों ने घायलों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।