भोपाल

नमो एप पर फीडबैक देने में सांसदों को आया पसीना

नमो एप पर एक्टिव न होने से मोदी हुए थे सांसदों पर नाराज,पीएम देखेंगे हर सांसद की दी हुई जानकारी ..
2 min read
• •
Updated: 31 Dec 2017, 9:10 AM IST
namo aap

भोपाल। दो दिन पहले दिल्ली में भाजपा संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बात की नाराजगी जताई थी कि उनके अधिकांश सांसद 'नमो एप' सक्रिय नहीं है। यहां तक कि ज्यादातर सांसद प्रधानमंत्री के गुड मार्निंग मैसेज को भी नहीं देखते हैं। अब सांसदों के लिए मोदी ने नमो एप पर एक नई परीक्षा शुरू कर दी है। सांसदों से 6 बिंदुओं में केंद्र सरकार की योजनाओं का फीडबैक मांगा गया है। चूंकि प्रधानमंत्री खुद किसी भी सांसद का भेजा गया फीडबैक देख सकते हैं इस लिए कई सांसदों को जानकारी जुटाने में पसीना आ रहा है।

नमो एप पर न्यू गवर्नमेंट कनेक्ट नाम से एक नया ऑप्शन दिया गया है। सांसदों को इसमें 11 जनवरी तक 6 सवालों के जवाब देना है। यह सवाल केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े हैं। सूत्रों के मुताबिक अधिकांश सांसदों ने अपने जिलों के कलेक्टरों को जिम्मा सौंपा है कि वे तत्काल नमो एप में मांगी गई जानकारी उपलब्ध करवाएं। उधर कई सांसद एेसे हैं जो खुद नमो एप तो दूर स्मार्ट फोन का भी ठीक से इस्तेमाल नहीं करते हैं। एेसे में इन सांसदों ने अपने पीए को नमो एप में मांगी गई जानकारी अपलोड करने की ड्यूटी में लगाया है।

-नमो एप में यह जानकारी मांगी गई है-
1. कौनसी योजना आपके क्षेत्र में सबसे ज्यादा लोकप्रिय है ?
2. अपने क्षेत्र में चल रही केंद्र की योजनाओं को क्या रेटिंग देते हैं ?
3. क्षेत्र में जनता के बीच केंद्र की योजनाओं की जानकारी कैसे देते हैं ?
4. सही फीडबैक के लिए आप कैसा तंत्र विकसित करना चाहते हैं?
5. क्या आपको लगता है कि नमो एप पर सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का पूरा ब्योरा होता है?
6. कोई सुझाव नमो एप को लेकर जो आप देना चाहें।

नमो एप पर केंद्र की योजनाओं को लेकर जानकारी मांगी गई है। भोपाल संसदीय क्षेत्र में हाउसिंग फॉर ऑल और उज्जवला योजना सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। मैं नमो एप का शुरू से इस्तेमाल करता रहा हूं। क्षेत्र में जहां भी जाता हूॅं केंद्र की योजनाओं के बारे में लोगों को बताता हूं।
- आलोक संजर, सांसद, भोपाल

नमो एप पर 11 जनवरी तक जानकारी देना है। कुछ जानकारी जुटा ली गई है। कुछ आंकड़े हमने कलेक्टर से मांगे हैं। नमो एप मैं पहले से यूज कर रहा हूं।
- जनार्दन मिश्रा, सांसद, भोपाल

Published on: