यासीन मलिक मामले से उसका पिता कुख्यात बदमाश मुख्तार मलिक भी सुर्खियों में आ गया। वह मूलत: रायसेन जिले की गोहरगंज का रहने वाला था। मुख्तार मलिक 1982 से अपराध की दुनिया में सक्रिय था पर भोपाल की अदालत में 1995 में खुलेआम गोलीबारी करने के बाद खूब चर्चित हो गया था। उसने हफ्ता वसूली और अड़ीबाजी से अपराधों की शुरुआत की लेकिन बाद में विवादित प्रॉपर्टी डीलिंग, जमीन पर कब्जा करने, कब्जा दिलाने, मछली ठेके जैसे काम शुरू कर दिए। इस दौरान मुख्तार मलिक पर हत्या, हत्या का प्रयास, बलवा जैसे अनेक संगीन मामले दर्ज होते चले गए। उसके पास एके-47 से लेकर विदेशी माउजर, रिवाल्वर, ऑटोमेटिक पिस्टल जैसे आधुनिक हथियार थे। वर्ष 1995 में भोपाल अदालत में हुई गैंगवार में हाईकोर्ट ने मुख्तार मलिक को फांसी की सजा सुनाई थी। हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसको बरी कर दिया था।