12वीं के रिजल्ट में देरी
भोपाल। नए शैक्षणिक सत्र 2022-23 में कालेजों में एडमिशन देर तक होंगे। इसका कारण यह है कि इस बार 12वीं के रिजल्ट में देरी हो रही है. माध्यमिक शिक्षा मंडल की हायर सेकंडरी परीक्षा यानि 12वीं का रिजल्ट तो 29 अप्रैल को घोषित कर दिया जाएगा, लेकिन सीबीएसई की 12वीं कक्षा का रिजल्ट इस बार खासा लेट हो जाएगा. सीबीएसई की 12वीं कक्षा का रिजल्ट जुलाई माह तक आने की संभावना है। इस वजह से प्रदेश के कालेजों में प्रवेश प्रक्रिया देर तक चलेगी। गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के चलते शैक्षणिक सत्र 2020-21 और 2021-22 को शुरू होने में भी तीन माह की देरी हुई थी।
संभावना जताई जा रही थी कि इस बार नया सत्र समय से शुरू हो जाएगा लेकिन अब ऐसा संभव नहीं दिख रहा. एमपी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट तो 29 तारीख को ही आ जाएगा लेकिन सीबीएसई का 12वीं का रिजल्ट अभी नहीं आ सकेगा। दरअसल सीबीएसई की 12वीं कक्षा की टर्म-2 परीक्षा 26 अप्रैल से शुरू हुई है, जोकि 15 जून तक चलेगी। ऐसे में रिजल्ट जून माह के अंतिम दिनों में या जुलाई माह के शुरुआती सप्ताह से पहले आना संभव नहीं है। सीबीएसई के 12वीं के रिजल्ट आने के बाद ही छात्र मेरिट के आधार पर कालेजों में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन और चाइस फिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर ही छात्रों के पसंदीदा कोर्स और कालेज का आवंटन करता है। सीबीएसई रिजल्ट के आए बिना छात्रों को सीटों का आवंटन करना संभव नहीं है। ज्ञातव्य है कि हर साल सीबीएसई और एमपी बोर्ड की परीक्षाएं प्राय: एक साथ ही शुरू होती हैं और रिजल्ट भी साथ-साथ ही आते रहे हैं लेकिन इस बार यह क्रम टूट गया है। सीबीएसई की परीक्षा इस बार पौने दो माह देरी से शुरू हुई है जिसके कारण यह स्थिति बनी है। सीबीएसई की 12वीं का रिजल्ट आए बिना कालेज में मेरिट लिस्ट तैयार करना संभव नहीं होगा। इससे कालेजों को इस बार अगस्त माह तक प्रवेश प्रक्रिया करनी होगी।