
ब्यावरा. सुबह के 10 बजे हैं... हालांकि सिविल अस्पताल की ओपीडी खुलने का निर्धारित समय 9 बजे का है, लेकिन डॉक्टरों के कक्षों में सन्नाटा पसरा है। हाथों में पर्चा लिए मरीज कभी डॉक्टरों के कक्ष की तरफ देख रहे हैं तो कभी अस्पताल कर्मचारियों से डॉक्टरों के आने का समय पूछ रहे हैं। हालत ये है कि ओपीडी खुलने के एक घंटे बाद तक डॉक्टर कक्ष खाली पड़े रहे। जो ड्यूटी डॉक्टर थे, वो भी टाइम पास करने में व्यस्त थे। लेकिन कोई मरीजों की पीड़ा और उनका दर्द देखने वाला नहीं। गुरुवार को अस्पताल में यही नजारा रहा। हालांकि यह किसी एक दिन की परेशानी नहीं, बल्कि ब्यावरा सिविल अस्पताल में रोज की परेशानी है।
विडंबना ये भी है देखिए कि यहां करीब 20 डॉक्टर पदस्थ हैं, लेकिन 100 बेड के अस्पताल में मरीजों को देखने के लिए सहित इमरजेंसी और ओपीडी सभी एक बॉन्डेड डॉक्टर के भरोसे छोड़ दी। जिससे मरीजों को उपचार के लिए घंटों इंतजार के साथ ही परेशान होना पड़ रहा है। लेकिन कोई व्यवस्था सुधारने वाला नहीं है।
गुरुवार को करीब साढ़े तीन सौ से अधिक ओपीडी रही। सुबह से ही अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे सभी शामिल थे। कई मरीज दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से किराया खर्च कर उपचार की उम्मीद में पहुंचते हैं। लेकिन डॉक्टरों के कक्ष खाली मिलने से उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। बीमारी से परेशान मरीजों की तकलीफ तब और बढ़ जाती है, जब अस्पताल में समय पर जांच और उपचार की सुविधा भी नहीं मिलती। इतना ही नहीं डॉक्टर कक्ष से लेकर लैब और फिर दवाओं के लिए लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है। जांच के लिए तो दिनभर मरीजों का अस्पताल में ही गुजर जाता है। वहीं दवाओं की लाइन में इंतजार करने के बाद जब नंबर आता है तो पता चलता है आधी दवाएं है ही नहीं। ऐसे में अस्पताल में मुफ्त इलाज के दांवे खोखले तो है ही साथ ही ये मरीजों को उपचार के अधिक परेशानी में डाल रहे है।
सबसे चिंताजनक स्थिति इमरजेंसी की है। यहां भी मरीजों की देखरेख और व्यवस्था लचर होती जा रही है। गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलना सबसे जरूरी है, लेकिन यह व्यवस्था अधिकांश समय वार्ड बॉय के भरोसे रहती है, या जो ड्यूटी डॉक्टर और बांडेड डॉक्टर मौजूद है, उन्हें देखना पड़ता है। सीनियर डॉक्टर यहां ओपीडी में सिर्फ रौब झाड़ने पहुंच रहे है, जिनकी नजर मरीजों पर कम घड़ी पर अधिक रहती है। सुबह दस बजे के बाद ओपीडी पहुंचना और एक बजते ही अस्पताल से ऐसे निकलना जैसे यहां इन्हें मजबूरी में बैठना पड़ रहा हो।
रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगा रहे है, बांडेड डॉक्टर की भी ड्यूटी लगाते है। उनके साथ सपोर्ट में सीनियर डॉक्टर रहते है। अभी कुछ डॉक्टर छुट्टी पर है। हो सकता है सुबह के समय इमरजेंसी या लेबर रूम में डॉक्टर गए हो जिससे ओपीडी में न मिले, मैं दिखवाता हूं, व्यवस्था सुधार रहे है।