
भोपाल/संत हिरदाराम नगर। पाकिस्तान की जीवन रेखा मानी जाने वाली और भारत के लेह लद्दाख से निकलने वाली सिंधु नदी देशभर के सिंधी हिन्दुओं के लिए प्रमुख तीर्थ स्थल बन चुका है। इस बार भी सरकार ने प्रति व्यक्ति दस हजार और प्रदेशभर से जाने वाले यात्रियों की संख्या 500 निर्धारित करते हुए 50 लाख रुपए का अनुदान देने का निर्णय लिया है। इसे मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा में शामिल किया गया है।
अखिल भारतीय सिंधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष जेपी मूलचंदानी ने कहा कि मध्य प्रदेश में इंदौर एकमात्र ऐसा शहर है, जहां सिंधी भाषी हिन्दुओं की संख्या तीन लाख से अधिक है। वहां तीर्थ यात्रियों का कोटा सिर्फ 80 तय किया गया है जो कम है। हम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मांग करेंगे कि इंदौर के इस कोटे को बढ़ाया जाए।
प्रदेश के धार्मिक एवं धर्मस्व विभाग द्वारा समस्त कलेक्टरों को जारी परिपत्र में इस बार प्रदेश के 12 शहरों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा योजना में शामिल किया गया है। अगर तीर्थ यात्रियों की सं या 500 से अधिक होती है, तो लाटरी सिस्टम से अंतिम निर्णय लिया जाए।
12 जिलों को किया योजना में शामिल
मूलचंदानी ने बताया कि सरकार ने इस बार 12 जिलों को इसमें स्थान दिया है। इनमें भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, कटनी, शिवपुरी, खंडवा, सतना, होशंगाबाद, रीवा और आगर मालवा सहित 12 शहरों के लिए कुल 500 का कोटा निर्धारित किया है। वहीं इस बार रतलाम, शहडोल, दतिया, सीहोर, रायसेन, विदिशा, हरदा, राजगढ़, सागर, शाजापुर एवं बुरहानपुर को स्थान नहीं दिया गया है।
आर्ट ऑफ लिविंग शिविर का समापन
भेल लेडीज क्लब के वोकेशनल सेंटर द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक योजना के तहत आयोजित तीन दिवसीय बाल चेतना आर्ट ऑफ लिविंग शिविर का समापन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष डॉ प्रतिभा ठाकुर ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को जीवन जीने की कला से परिचित कराना था। इस अवसर पर विभिन्न विंगों की उपाध्यक्ष तथा सदस्याएं उपस्थित थीं.