भोपाल

एक साथ एक्टिव हुए 4 सिस्टम, एमपी के 45 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

Weather Systems Active : मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान 45 जिलों में आंधी-बारिश और कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।

2 min read
एमपी के 45 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट (Photo Source- Patrika)

Weather Systems Active :मध्य प्रदेश में गर्मी के दिनों में आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। कई इलाकों में किसानों के साथ-साथ आमजन को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान सिवनी में बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, एक साथ 4 सिस्टम एक्टिव होने से प्रदेश के अधिकतर इलाकों का मौसम बिगड़ा हुआ है। वहीं, अब मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान 45 जिलों में आंधी-बारिश और कई जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि, आगामी 7 अप्रैल तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होने के साथ प्रदेशभर में एक बार फिर तेज गर्मी का दौर शुरू होगा।

प्रदेश इस समय साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ लाइन से बने मजबूत सिस्टम की चपेट में है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के बीचोंबीच एक टर्फ लाइन गुजर रही है, जबकि दूसरी टर्फ ऊपरी स्तर पर एक्टिव है। वहीं, पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी एक्टिव हैं। इन चारों सिस्टमों के संयुक्त असर से बीते 4 दिन से प्रदेश के कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के साथ बिजली गिरने तक का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी 20 से ज्यादा जिलों में ऐसा ही मौसम देखने को मिला।

ये भी पढ़ें

एमपी के इस जिले में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश ने मचाई तबाही, बिजली गिरने से 2 की मौत

24 घंटे में 45 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल समेत सूबे के 45 जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन सिस्टमों के चलते प्रदेश में रोजाना 30 से 35 जिलों में मौसम अचानक बदल रहा है। कहीं तेज हवाएं चल रही हैं तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है।

यहां ओले गिरने की चेतावनी

शनिवार को प्रदेश के जबलपुर, कटनी, छतरपुर, पन्ना और दमोह जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी हुई है, जबकि भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।

50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेगी आंधी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि, आगामी तीन से चार दिन तक तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। कुछ जिलों में हवा की अधिकतम रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है, जबकि अन्य जगहों पर 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलने की संभावना है।

7 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम

प्रदेश में मौसम की गतिविधियां अभी खत्म नहीं होंगी। 7 अप्रैल से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 10 अप्रैल तक देखने को मिल सकता है। यानी इस अवधि तक कही कहीं हल्की बारि हो सकती है।

इसके बाद शुरू होगा गर्मी का तेज दौर

मौसम सिस्टम के आगे बढ़ते ही प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ोतरी होगी। अप्रैल के दूसरे सप्ताह से गर्मी का असर दिखाई देने लगेगा। महीने के आखिरी सप्ताह तक ग्वालियर, धार, खरगोन, बड़वानी और नौगांव-खजुराहो जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इनमें मुख्य रूप से दतिया, मुरैना, श्योपुर, बड़वानी, खरगोन और धार जिलों में तीखी गर्मी पड़ने की संभावना है। दरअसल, अप्रैल माह में प्रदेश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाएं चलती हैं, जिसके चलते इन क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ती है।

ये भी पढ़ें

एमपी में नर्सिंग के हजारों पदों पर भर्ती, जानें आवेदन की अंतिम तारीख, सैलरी-एग्जाम से जुड़ा सबकुछ

Updated on:
04 Apr 2026 10:03 am
Published on:
04 Apr 2026 10:02 am
Also Read
View All

अगली खबर