बीमार गरीबों की मदद के लिए बनेगा कोष, 60वें जन्मदिन पर शुरू की ये खास पहल...
भोपाल@आलोक पांड्या की रिपोर्ट...
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अपने जन्मदिन पर मंगलवार को मुख्यमंत्री रहने के दौरान मिले स्मृति चिन्हों को बेचने के लिए अपने निवास पर रखा। चौहान के 74 बंगले स्थित निवास पर सुबह साढ़े आठ बजे यह कार्यक्रम शुरू हुआ।
इसी दौरान सुबह करीब 10 बजे तक उनके 5 स्मृति चिन्ह बिक भी गए। इनसे मिले पैसे से वह निर्धन बीमारों के इलाज के लिए कोष बना रहे हैं।
इस कड़ी में भोपाल के महापौर आलोक शर्मा ने पूर्व सीएम के जन्मदिन के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें इन स्मृति चिह्नों की नीलामी की गई। कार्यक्रम की शुरुआत में ही 5 स्मृति चिह्न नीलाम हो गए। इससे मिली धनराशि को पूर्व सीएम द्वारा बनाए गए कोष में दिया जाएगा जिससे गरीब, निर्धन और असहाय लोगों की मदद की जाएगी।
ऐसे बनाएंगे कोष...
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्मयंत्री शिवराज सिंह चौहान आज को अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने अपने जन्मदिन को खास रूप दिया है। इसी के तहत पूर्व सीएम को 13 वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के दौरान देश-विदेश से मिले सैकड़ों तोहफों और स्मृति चिह्नों की नीलामी की जा रही है।
दरअसल शिवराज सिंह ने अपने जन्मदिन पर नए संकल्प के तहत असहाय और गरीब पीड़ितों के इलाज के लिए एक गैर राजनीतिक कोष स्थापित करने की घोषणा की। नीलामी से मिलने वाला सारा पैसा इसी कोष में जमा होगा। जिससे गरीब बीमारों का इलाज कराएंगे। शिवराज के अनुसार उन्होंने बतौर मुख्यमंत्री उन्होंने निर्धन और असहाय लोगों की सहायता की है।
गरीबों की मदद...
शिवराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रहते उन्होंने गरीबों और असहाय लोगों के लिए कई योजनाएं शुरू की और कोशिश की कि गरीबों की हरसंभव सहायता की जा सके। अब चूंकि वो मुख्यमंत्री नहीं हैं, बावजूद इसके गरीबों के लिए कुछ करना चाहते हैं। इसलिए सीएम के तौर पर मिले स्मृति चिन्हों को दान करके जो राशि एकत्र होगी उससे निर्धन और असहाय पीड़ितों की सहायता की जाएगी।