MP Farmers- मध्यप्रदेश में लाखों किसानों के लिए अच्छी खबर सामने आई है।
MP Farmers- मध्यप्रदेश में लाखों किसानों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने उनके करोड़ों रुपए का कर, ब्याज राशि और जुर्माना राशि माफ कर दी है। मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों के सिंचाई जलकर, ब्याज एवं जुर्माना राशि माफ की है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। सरकार ने प्रदेश के किसानों द्वारा उत्पादित सारी मूंग और उड़द खरीदने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखने की भी बात कही है। राज्य में इन दोनों फसलों को खरीदा तो जा रहा है पर अभी इनकी बहुत कम मात्रा की ही खरीदी की मंजूरी मिली है। मध्यप्रदेश सरकार इसे बढ़वाने का आग्रह कर रही है।
मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक के फैसलों की प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र कुमार शुक्ल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि
राज्य मंत्रि परिषद ने प्रदेश के लाखों किसानों की 84.17 करोड़ रुपए के सिंचाई जलकर, ब्याज व जुर्माना राशि माफ कर दी है। मंत्रि परिषद ने इस राशि को माफ करने की मंजूरी दे दी है।
कैबिनेट के इस फैसले का प्रदेश के 35 लाख किसानों को फायदा होगा। इन किसानों पर कृषि सिंचाई जलकर के ब्याज और जुर्माना के 84.17 करोड़ रुपए बकाया हैं जिनसे अब सरकार ने निजात दिला दी है। यह किसानों के लिए बड़ी राहत
है क्योंकि जल संसाधन विभाग राशि की वसूली के लिए सख्ती से लगा हुआ था।
डिप्टी सीएम राजेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि सरकार ने निर्णय लिया कि किसानों से यह राशि नहीं लेंगे। सभी किसानों को एक साल में मूलधन जमा करने का मौका मिलेगा। यह योजना साल 2026 तक लागू रहेगी।