
Retired IAS officer Rakesh Agrawal : रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आगरा से पकड़ा गया। भोपाल में आरोपी वरुण कुमार ने भागने की कोशिश की। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है। आरोपी वरुण कुमार का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की नृशंस हत्या पर सीएम मोहन यादव ने भी दुख जताया था। उन्होंने बाद में मामले में एसआईटी गठित कराई थी।
रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल का भोपाल में 30 सितंबर की रात को बेरहमी से कत्ल कर दिया गया था। सूरज नगर स्थित घर में वारदात के बाद से ही उनका केयरटेकर वरुण कुमार फरार चल रहा था। हत्या के इस मामले में उसे मुख्य संदिग्ध माना गया था। आरोपी वरुण गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस ने उसपर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया था।
राकेश अग्रवाल की अंत्येष्टि करीब 60 घंटों के बाद की जा सकी थी। उनका बेटा सिद्धांत उर्फ सिद्ध अग्रवाल अमेरिका में था। बेटे ने भोपाल आकर 2 अक्टूबर को पिता राकेश अग्रवाल का अंतिम संस्कार किया।
आरोपी वरुण की तलाश में भोपाल पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने खूब माथापच्ची की। सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए ग्वालियर, मथुरा, वृंदावन और आगरा सहित कई जगहों पर दबिश दी। हालांकि शातिर आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। बाद में केस गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया था। पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एआईजी उमेश तिवारी को इसकी कमान सौंपी।
आरोपी वरुण कुमार को आगरा से गिरफ्तारी के बाद पुलिस भोपाल लेकर आ रही थी। मुगलिया छाप के पास आरोपी ने अचानक पुलिस गिरफ्त से भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी वरुण कुमार के पैर में गोली लगी। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद घायल आरोपी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। पता चला है कि भोपाल पुलिस उसे आगरा से पकड़कर लाई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड में अहम खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस अब हत्या की वजह और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।