
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर आज सूबे की सभी 230 विधानसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। इस बार चुनाव में प्रदेशभर के 2533 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम मशीन में कैद हो गई है। इस बार के विधानसभा चुनाव की खास बात ये है कि भाजपा हो या कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं की साख दाव पर लगी हुई है। फिलहाल, नतीजे जो भी हों, उनका फैसला आने वाली 3 दिसंबर 2023 को हो जाएगा। किसकी किस्मत में सत्ता है और कौन विपक्ष में बैठेगा ये आज से 16वें दिन साफ हो जाएगा। लेकिन मतदान संपन्न होने के बाद प्रदेश के सीएम शिवराज और पूर्व सीएम कमलनाथ ने प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए सरकार बनाने का दावा कर दिया है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों के राजनीतिक भविष्य के लिए यह चुनाव अहम होगा तो वहीं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस के दिग्गज नेताओं का भी राजनीतिक भविष्य भी दांव पर है। वहीं इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मतदान में हिस्सा लेने वाली प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया है। वहीं दोनों नेताओं ने अपने अपने ढंग से प्रदेश में सरकार बनाने का दावा भी किया है।
एक बार फिर हम आपके सपनों को पूरा करेंगे
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपना एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि जनता के साथ बीते पल को अपने जीवन का हिस्सा बताया है। साथ ही शिवराज ने लिखा कि 'ये पल जो जीवन का हिस्सा बन जाते हैं, ये पल आपके प्रेम के, आपके विश्वास के, आपके आशीर्वाद के। पूरा मध्य प्रदेश, मेरा पूरा परिवार एक साथ खड़ा रहा और एक बार फिर हम आपके सपनों को पूरा करेंगे। एक बार फिर आपके आशीर्वाद से भाजपा की सरकार बनेगी। विकास की ये रफ्तार यूं ही चलती रहेगी। मेरे परिवार इस प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद के लिए हृदय की गहराइयों से धन्यवाद।
एक-एक वोट प्रदेश में फैले कुशासन को समाप्त करेगा
वहीं, दूसरी तरफ मतदान खत्म होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश की जनता से लोकतंत्र के इस त्यौहार में हिस्सा लेने के लिए सभी का आभार जताया। कमलनाथ ने अपने आदिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा कि 'मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रदेश के सभी मतदाताओं का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आपका मतदान नए मध्य प्रदेश का निर्माण करेगा। आपका एक-एक वोट प्रदेश में फैले कुशासन को समाप्त करेगा और जनहित की सरकार की स्थापना करेगा।'